छत्तीसगढ़

मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्टर ने दिलाई शपथ

बलरामपुर 24 जनवरी। पुलिस ग्राउंड बलरामपुर में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेंद्र कटारा ने मतदाता दिवस के अवसर पर शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री विश्व दीपक त्रिपाठी, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री कटारा ने अधिकारी-कर्मचारियों एवं नवीन मतदाताओं को मतदाता दिवस के अवसर पर लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रख निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलायी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आर.एस.लाल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बलरामपुर श्री अमित श्रीवास्तव, सहित जिला स्तरीय अधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व नवीन मतदाता उपस्थिति रहे।
गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग के मंशानुरूप उक्त कार्यक्रम के आयोजन के माध्यम से 18 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करना है। इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारी व नवीन मतदाताओं को शपथ दिलाई गई। मतदाता दिवस पर संयुक्त जिला कार्यालय सहित सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों को मतदान की शपथ दिलाई गई।

Related Articles

Back to top button