छत्तीसगढ़

सीपत में दो बाइक की जबरदस्त भिड़ंत; बाइक सवार चारों युवक घायल, दो की हालत गंभीर, सिम्स रिफर

पत्रकारों ने दिखाई इंसानियत , गंभीर रूप से घायलों को लेकर पहुंचे अस्पताल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत योगीराज मोटर्स एजेंसी के पास गुरुवार की रात दो मोटर साइकिल में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों मोटरसाइकिल में सवार चारो युवक घायल हो गए। सीपत प्रेस क्लब के पत्रकारों एवं डायल 112 , पुलिस की मदद से उन्हें सीपत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रिफर कर दिया गया।
बता दें कि गुरुवार की रात करीब 8 बजे मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 10 एएम 7876 मे सवार रामपुर ढोढ़ी के दो युवक अशोक कुमार मरावी पिता जगतराम मरावी उम्र 40 वर्ष व संतोष सिंह पिता पत्थर सिंह उम्र 46 वर्ष रोज की तरह काम करने सीपत की ओर से पंधी स्थित बोरी फ्रैक्ट्री जा रहे थे। इसी समय सामने मटेरियल गेट की ओर से आ रहे मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 10 बीई 7876 पर सवार सौरभ सिदार पिता नंदकुमार सिंदार उम्र 22 वर्ष व वाशु कश्यप पिता रमेश कश्यप उम्र 24 वर्ष की उनसे जबरदस्त भिड़ंत हो गए। एक दूसरे को बुरी तरह ठोकर मारते हुए खून से लथपथ सडक़ पर कराहते रहे।
सडक़ पर चलते राहगीरों ने भी घायलों की सुध नही ली। देखते देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई , लोग तमाशा ही देखते रहे। ठीक उसी समय मटेरियल गेट से नवाडीह की ओर आ रहे सीपत प्रेस क्लब के पत्रकार क्लब के अध्यक्ष प्रदीप पांडेय , संरक्षक हरीश गुप्ता , हिमांशु गुप्ता व कोषाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने घायलों की यथास्थिति देखी , पत्रकारों ने अपनी इंसानियत दिखाते हुए एक गाड़ी को रोककर चारों घायलों को लेकर सीपत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां से तत्काल सीपत टीआई गोपाल सतपथी, डायल 112 को घटना की सूचना दी।
इस समय घायलों में सौरभ सिदार व संतोष सिंह दोनों की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई थी। दोनों के चेहरे पर जबरदस्त चोटें, नाक से निकलता हुआ खून रुकने का नाम ही नही ले रहा था। वहीं अन्य दो युवकों को भी सिर मुंह नाक होंठ पर चोट आई है। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों प्राथमिक उपचार करने के बाद स्थिति को देखते हुए चारो घायलों को पत्रकारों , डायल 112 के आरक्षक शरद साहू , वाहन चालक अविनाश वैष्णव ने मदद कर संजीवनी 108 की सहायता से तुरंत बिलासपुर रेफर कर दिया। चारो घायल की अस्पताल में अभी इलाज जारी है।

हेलमेट लगाए रहते तो शायद नही लगती गंभीर चोटें

थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि रामपुर ढोढ़ी और सीपत के युवकों ने बिना हेलमेट लगाए अपनी यात्रा कर रहे थे। यदि मोटर सायकिल सवार हेलमेट लगाकर वाहन चलाते तो शायद उनकी आंख , नाक पर लगी गंभीर चोटों से बच सकते है। हेलमेट को लेकर सरकार एवं पुलिस प्रशासन के द्वारा लगातार लोगों को हेलमेट लगाकर सडक़ पर चलने जागरूक किया जा रहा है , सुरक्षा को देखते हुए चालन काटकर कार्रवाई किया जा रहा है। इसके बाद भी लोग बिना हेलमेट लगाए ही सडक़ पर चल पड़ते है जिसका एक बड़ा उदाहरण गुरुवार को हुई एक बड़ी दुर्घटना है। इस घटना से लोगों को सावधान होना चाहिए।

नशे में धुत होकर फर्राटा भरते है वाहन चालक

अपनी जान की परवाह किए बिना कई वाहन चालक नशे में धुत होकर वाहन चलाते है ऐसे में वो अपना नियंत्रण खो देते है जिससे वाहन अनियंत्रित हो जाता है और दूसरे वाहन चालकों के लिए जान का खतरा बन जाता है। टीआई ने वाहन चालकों को अपने स्वयं की कीमती जीवन व अपने परिवार को देखते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button