आगरा से अगवा किशोरी अहमदाबाद में मिली, आरोपी गिरफ्तार

आगरा। जिले में बाह थाना क्षेत्र के जैतपुर कस्बे से चार फरवरी को अगवा की गयी 15 साल की किशोरी गुजरात के अहमदाबाद की एक मस्जिद में मिली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त द्रविड़ कुमार सिंह ने बताया कि आगरा पुलिस ने लडक़ी को अगवा करने के आरोप में अमन खां नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि किसी अन्य समुदाय की किशोरी को उसका पड़ोसी अमन खां उर्फ छोटे खां अपने साथ ले गया था और इस बात को लेकर जैतपुर में खासा तनाव व्याप्त था।
पुलिस ने किशोरी का पता लगाने के लिए पंजाब और गुजरात में कई जगह छापे मारे। उन्होंने बताया कि पुलिस को लडक़ी के गुजरात में होने का सुराग मिला जिसके बाद उसने अहमदाबाद की एक मस्जिद में किशोरी को लेकर ठहरे अमन खां को पकड़ लिया और किशोरी को भी मुक्त करा लिया। सिंह के अनुसार, आरोपी को आगरा लाकर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।



