छत्तीसगढ़राजधानी

गरीबों को मिल रहा हक, कांग्रेस बौखलाई: विधायक रोहित साहू’

The poor are getting their rights, Congress is upset: MLA Rohit Sahu

गरियाबंद (मनोज वर्मा)। गरीबों को पक्का मकान और महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने से कांग्रेस घबरा गई है। नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेसियों की बौखलाहट साफ दिख रही है। कुछ कांग्रेसी शराब के नशे में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
बीती रात चुनाव प्रचार के दौरान ऐसा ही एक मामला सामने आया। राजिम विधायक रोहित साहू भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा कर रहे थे। इसी दौरान कुछ कांग्रेसी शराब के नशे में वहां पहुंचे और ग्रामीणों के सामने अभद्र भाषा में बात करने लगे। इस पर विधायक ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई और कहा, नशे में उल्टी सीधी बात मत करो, सादे में बात करो। राजिम विधानसभा में भाजपा ने नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले दो चरणों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पांच में से चार निकायों में भाजपा को जीत मिली। गरियाबंद और छुरा जनपद में भी भाजपा ने जीत दर्ज की। दो जिला पंचायत सदस्य भी भाजपा समर्थित चुने गए। कांग्रेस पूरी तरह साफ हो गई। लगातार हार से कांग्रेसी बौखला गए हैं।
विधायक रोहित साहू ने कहा कि कांग्रेस हमेशा विकास विरोधी रही है। गांव और गरीबों का विकास कांग्रेस को रास नहीं आ रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पूरी होने से गरीबों को पक्के मकान मिल रहे हैं। माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपए मिल रहे हैं। इससे कांग्रेस परेशान है। कांग्रेस नहीं चाहती कि गांवों का विकास हो। इसलिए बीती रात कुछ कांग्रेसी शराब के नशे में हुल्लड़ करने पहुंचे थे। विधायक ने कहा कि ग्रामीण कांग्रेसियों के बहकावे में न आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसे लोगों को गांव के विकास में बाधा नहीं बनने देंगे।
विधायक साहू ने कांग्रेस पर गांव का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा के बढ़ते जनाधार से कांग्रेस घबरा गई है। वे गांव में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल अपने कार्यकर्ताओं के जरिए ऐसी हरकतें करवा रहे हैं।
इधर भाजपा नेताओ ने कहा कि राजिम विधानसभा में तेजी से हो रहे विकास कार्यों को देखकर कांग्रेस परेशान है। विधायक रोहित साहू के नेतृत्व में एक साल में करोड़ों के विकास कार्य की सौगात राजिम विधानसभा को मिली है। गांव-गांव में लाखों रुपए के विकास कार्य जारी हैं। इससे भाजपा और विधायक की लोकप्रियता बढ़ी है।

Related Articles

Back to top button