गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्हाड़ीघाट- भालूडिग्गी के जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रविवार 19 जनवरी से जारी मुठभेड़ मंगलवार शाम तक चल रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 से अधिक महिला पुरुष नक्सलियों के मारे जाने की खबर है वहीं उनकी शव बरामद कर लिये गये हैं। ग्राउंड जीरो पर सर्चिंग अभियान जारी है। रविवार से जारी मुठभेड़ के दौरान ही एक महिला व एक पुरुष नक्सली के शव बरामद हुये थे। मुठभेड़ आज मंगलवार समाचार लिखे जाने तक जारी है और नक्सलियों के 16 से अधिक संख्या में मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि की गई है। ये संख्या और भी बढ़ सकती है।
मृत नक्सलियों में माओवादियों के सीनियर कैडर भी शामिल है। सूत्रों के अनुसार नक्सलियों का ओडिसा स्टेट चीफ चलपति मुठभेड़ में मारा गया है, कुछ अन्य बड़े कैडर के नक्सलियों के मारे जाने की भी सूचना है, जिनकी शिनाख्त की जा रही है। बताया जा रहा है कि रविवार नक्सल विरोधी सर्च अभियान में गरियाबंद ऑपरेशन ग्रुप ई30,कोबरा 207, सीआरपीएफ 65 एवं 211 बटालियन, एसओजी नुआपाड़ा की संयुक्त टीम कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र में रवाना हुई थी। पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा ने बताया कि सुरक्षा बलों और नक्सलियों के मध्य रविवार 19 जनवरी 2025 की शाम से रुक रुक कर मुठभेड़ जारी है।
एक जवान घायल
रविवार शुरुवाती मुठभेड़ के दौरान, सुरक्षा बल में शामिल कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हुआ था, जिसे एयरलिफ्ट कर उपचार के लिये रायपुर ले जाया गया है।


