
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। जिले के साथ विकासखण्ड में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चल रहे स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सीपत में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा महिलाओं समेत ग्रामीणों की जांच व उपचार किया गया। इस दौरान 232 हितग्राहियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में सिकलिंग जांच, गर्भवती माताओं की प्रसव पूर्व जांच, एनीमिया, टीबी, कुष्ठ, बीपी, शुगर, कैंसर, एचआईवी सहित विभिन्न रोगों की जांच की गई। साथ ही किशोरी बालिकाओं को मेन्सट्रुअल हाइजीन पर काउंसलिंग दी गई तथा आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड भी बनाए गए। दवाइयाँ वितरित करने के साथ ही गंभीर रोगियों को उच्च संस्थानों हेतु रिफर किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद सदस्य रेवाशंकर साहू, भास्कर पटेल, जिला भाजपा उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक, मन्नू सिंह ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष अभिलेश यादव, शिव साहू, मदनलाल पाटनवार समेत अन्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। जनपद सदस्य रेवाशंकर साहू ने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की पहचान है। आज के शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया, यह हमारे लिए खुशी की बात है। शासन की योजना का सीधा लाभ गांव-गांव तक पहुँचे, यही हमारी प्राथमिकता है।
जिला भाजपा उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाएँ आज हर द्वार तक पहुँच रही हैं। इस शिविर से साबित होता है कि सरकार आमजन के स्वास्थ्य के लिए पूरी तरह गंभीर है। सीपत क्षेत्र की जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा। मंडल उपाध्यक्ष अभिलेश यादव ने कहा कि सीपत जैसे ग्रामीण अंचल में ऐसे वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन वास्तव में सराहनीय पहल है। जांच व उपचार के साथ लोगों में जागरूकता भी बढ़ी है। हमारी पूरी टीम हमेशा जनता की सेवा में तत्पर है।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गढ़ेवाल, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार, कार्यक्रम प्रबंधक संतोष महिलांगे, प्रभारी डॉ. आकांक्षा दुबे, आयुष चिकित्सक डॉ. अर्चना सिंह , सहायक चिकित्सा अधिकारी डॉ मानसी महिलांगे सहित स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन और ग्रामीण चिकित्सा सहायकों ने अपनी सेवाएँ दीं। ग्राम व क्षेत्रवासियों की सक्रिय भागीदारी से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



