दुर्गा पंडालों में पहुंचे कांग्रेस नेता , विधायक सुपुत्र अरविंद लहरिया; श्रद्धा संग लिया आशीर्वाद, ग्रामीणों की समस्याओं से भी हुए रूबरू
मां दुर्गा के चरणों में नतमस्तक हुए अरविंद लहरिया, जनता की खुशहाली को समर्पित की प्रार्थना

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शारदीय नवरात्र पर्व पर भक्तिमय माहौल के बीच अनुसूचित जाति कांग्रेस के प्रदेश संयोजक व मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया के सुपुत्र अरविंद लहरिया ने क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित दुर्गा पूजन कार्यक्रमों में शिरकत कर देवी मां के दर्शन किए। अरविंद लहरिया रविवार को ग्राम पंचायत हिर्री, कर्रा, कूडूभाठा, खैरा (जयरामनगर), ढेका और देवगाँव पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत रूप से दुर्गा पंडालों में माता रानी का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना की प्रार्थना की। पंडालों में उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने कांग्रेस नेता का स्वागत किया। लहरिया ने भक्तजनों के साथ भक्ति-भाव के वातावरण में समय बिताया और कहा कि नवरात्र पर्व शक्ति की उपासना का पर्व है, मां दुर्गा की आराधना से हमें न सिर्फ ऊर्जा मिलती है बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा से मानता हूँ कि मां दुर्गा की कृपा से हम सबके जीवन में सुख और समृद्धि आती है। क्षेत्र की जनता की हर समस्या मेरी अपनी समस्या है, और उन्हें हल कराने की दिशा में मैं लगातार प्रयास करता रहूंगा।
अरविंद हुए ग्रामीणों की समस्याओं से हुए रूबरू
दर्शन के उपरांत अरविंद लहरिया ने ग्रामीणों से भेंटकर उनकी मूलभूत समस्याओं की जानकारी भी ली। ग्रामीणों ने सडक़, बिजली, पेयजल एवं कृषि से जुड़ी कठिनाइयों को साझा किया। इस पर लहरिया ने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेकर समाधान हेतु संबंधित विभागों एवं शासन-प्रशासन तक मजबूती से उठाया जाएगा। इस मौके पर विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचगण, युवा साथी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



