सेलर के स्कूल परिसर में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाला गिरफ्तार
सीपत पुलिस की त्वरित कार्यवाही, आरोपी गया जेल

टीआई सतपथी ने कहा- शैक्षणिक वातावरण बिगाडऩे वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम सेलर में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने की कोशिश करने वाले आरोपी पर सीपत पुलिस ने कड़ी कार्यवाही की है। हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर के अंदर शराब पीकर गाली गलौज व हुड़दंग करने वाले आरोपी हनुमान प्रसाद कश्यप (आयु 41 वर्ष, पिता स्व. जुठूराम कश्यप, निवासी सेलर) को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना आज 07 अक्टूबर की है।
थाना सीपत को सूचना मिली कि ग्राम सेलर के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर शिक्षकों व विद्यार्थियों को गाली दे रहा है और वहां अशांति फैलाकर पढ़ाई में बाधा उत्पन्न कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गोपाल सतपथी के निर्देश पर पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा। मौके पर पाया गया कि आरोपी हनुमान प्रसाद कश्यप शराब के नशे में विद्यालय परिसर में घुस आया था और जोर-जोर से चिल्ला रहा था। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आरोपी को शांत कर तत्काल गिरफ्तार कर थाना लाया। जांच के दौरान आरोपी के विरुद्ध धारा 36(च)(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज करते हुए पृथक प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई। आरोपी को कार्यपालिक दण्डाधिकारी, सीपत के समक्ष पेश करने पर न्यायालय के आदेश से जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कड़ी निगरानी
इस संबंध में पुलिस सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त कर शांतिभंग एवं हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उसी के तहत यह कार्रवाई सीपत पुलिस द्वारा तत्परता से की गई।
शिक्षण संस्थान अनुशासन और आदर्श का प्रतीक हैं। ऐसे स्थानों पर हुड़दंग या शराब सेवन जैसी हरकतों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सूचना मिलते ही हमने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया है। हमारे क्षेत्र में शांति और सामाजिक मर्यादा बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है।
गोपाल सतपथी, थाना प्रभारी, सीपत



