भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा की पहल पर खुटाघाट से बढ़ा जलस्तर, किसानों के खेतों तक पहुंचा सिंचाई का पानी
- किसानों की चिंता पर सक्रिय हुए दीपक शर्मा, विभागीय अधिकारियों से बात कर रातों-रात बढ़वाया नहर का बहाव

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। खुटाघाट जलाशय से छोड़े जा रहे पानी के कम बहाव के कारण किसानों में चिंता का माहौल बना हुआ था। छोटे नहरों से निस्तारी करने वाले किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था, जिससे धान की फसल सूखने की कगार पर थी। गांव-गांव के किसान इस समस्या को लेकर सरपंचों के माध्यम से विभाग में आवेदन देने की बात करते रहे। किसानों की इस परेशानी की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी सीपत मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा तुरंत सक्रिय हो गए। उन्होंने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों से सीधा टेलीफोनिक संवाद कर नहर में छोड़े जाने वाले पानी के स्तर को बढ़ाने के निर्देश दिए।
मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि किसानों की मेहनत व्यर्थ न जाए, इसके लिए तत्काल कार्रवाई की गई है। अब खुटाघाट जलाशय से नहर में अधिक मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। सभी किसान अगले दो-चार दिनों में अपने खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था कर लें, क्योंकि नहर 30 अक्टूबर तक बंद कर दी जाएगी। इधर, पानी के बढ़े बहाव से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कई किसानों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर पहल से हमारी फसल बच गई। अगर यही हाल कुछ दिन और रहता तो फसल सूख जाती। इस पहल से यह स्पष्ट होता है कि स्थानीय नेतृत्व किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील और तत्पर है। प्रशासनिक सहयोग से अब सीपत क्षेत्र के अधिकांश गांवों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचने लगा है, जिससे फसल की हरियाली फिर लौटने लगी है।



