छत्तीसगढ़

विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर दिखाई एकता की मिसाल

एनएसएस , थाना सीपत और स्वामी आत्मानंद विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शासकीय मदनलाल शुक्ल महाविद्यालय सीपत में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, थाना सीपत एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सीपत के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस की संध्या पूर्व सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘राष्ट्रीय एकता 2025 और साइबर सुरक्षा संकल्प’ विषय पर स्लोगन प्रतियोगिता से हुई, जिसमें 50 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थाना प्रभारीराजेश कुमार मिश्रा ने साइबर सुरक्षा—आज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी विषय पर प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक संबोधन दिया।।उन्होंने कहा कि आज ठगी सिर्फ अनपढ़ों तक सीमित नहीं, बल्कि पढ़े-लिखे और नौकरीपेशा लोग भी ऑनलाइन जाल में फंस रहे हैं। डिजिटल दुनिया में जागरूकता ही हमारी सबसे बड़ी सुरक्षा ढाल है। किसी भी कॉल या लिंक पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, क्योंकि ठग अब मोबाइल और इंटरनेट के जरिए हमारे घर तक पहुंच चुके हैं।

टीआई मिश्रा ने डिजिटल अरेस्ट, बैंक धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड, गेमिंग फ्रॉड सहित साइबर अपराध के अनेक स्वरूपों की विस्तार से जानकारी देते हुए उनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए। उनके प्रेरक संबोधन को विद्यार्थियों ने ध्यानपूर्वक सुना और बार-बार तालियों की गूंज से सभागार गूंज उठा। स्लोगन प्रतियोगिता में आरती राठौर (प्रथम), अजित बंजारे (द्वितीय), अर्चना साहू (तृतीय) तथा निर्जला और सत्यवान (सांत्वना) स्थान पर रहे। निर्णायक के रूप में डा. पूजा यादव (सहायक प्राध्यापक हिंदी) और दीपेश जोशी ने भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के उपरांत भव्य एकता रैली का आयोजन किया गया, जो महाविद्यालय परिसर से निकलकर स्वामी आत्मानंद विद्यालय तक पहुंची। वहां विद्यालय और कॉलेज के छात्रों व शिक्षकों ने मिलकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का सशक्त संदेश देते हुए मानव श्रृंखला बनाई। इसके बाद राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने ‘साइबर सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता’ पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
नाटक में प्रशांत यादव, मिथिलेश श्रीवास, सुबीर डहरिया, दीपक राठौर, विकास पटेल, रश्मि सिंह और नीलम साहू ने उत्कृष्ट अभिनय किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी राजेश कुमार मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक कमल कूल, प्रधान आरक्षक मनहरन ठाकुर, आरक्षक लक्ष्मण चंद्रा, महिला आरक्षक प्रीति दास, ज्योति जगत, महाविद्यालय से डा. पूजा यादव, दीपेश जोशी, विमल तिवारी, धनंजय टंडन तथा एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शत्रुघ्न घृतलहरे तथा संचालन प्रशांत यादव ने किया।

Related Articles

Back to top button