छत्तीसगढ़

सीपत में गुप्ता समाज का महर्षि काश्यप जयंती समारोह कल , मुख्य अतिथि के रूप में विधायक लहरिया करेंगे शिरकत

सामाजिक एकजुटता, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का दिखेगा अद्भुत संगम

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। श्री चंद्रपुरिहा कसौंधन वैश्य गुप्ता समाज, सीपत के तत्वावधान में कल 5 नवंबर, बुधवार को समाज के इष्टदेव महर्षि काश्यप जयंती का भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन सीपत के मंगल भवन में होगा, जहां कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया उपस्थित रहेंगे।


कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या, जनपद सदस्य मनोज खरे तथा सीपत सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार मंचासीन रहेंगे। गुप्ता समाज के सैकड़ों सदस्य सुबह 10 बजे वैदिक कॉलेज सीपत में एकत्रित होकर कर्मा नृत्य व बैंड-बाजे के साथ भव्य रैली प्रारंभ करेंगे। यह रैली नवाडीह चौक, तहसील परिसर होते हुए मंगल भवन पहुंचेगी, जहाँ यह विशाल सभा के रूप में परिवर्तित होगी। सभा में समाज के युवा, महिलाएं और बच्चे पारंपरिक परिधानों में शामिल होंगे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ भी दी जाएंगी, जो समाज की गौरवशाली परंपरा और एकता का संदेश देंगी।

सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा यह आयोजन

गुप्ता समाज के अध्यक्ष हरीश गुप्ता एवं सचिव हिमांशु गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन समाज की एकता, पहचान और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करने का प्रतीक बनेगा।
उन्होंने सभी समाजजनों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की सादर अपील की है।

Related Articles

Back to top button