
रायपुर, 20 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी कार्य सुचारू और व्यवस्थित ढंग से जारी है। जशपुर जिले के कुनकुरी धान खरीदी केंद्र पहुँचे ग्रामवासी किसान श्री भीमचंद लकड़ा ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की और बताया कि इस वर्ष भी सभी व्यवस्थाएँ पहले की तरह सुव्यवस्थित हैं।
श्री लकड़ा ने बताया कि वे नियमित रूप से इसी केंद्र में धान बेचते हैं। आज उन्होंने ऑनलाइन टोकन कटाया, जो बिना किसी कठिनाई के तुरंत प्राप्त हो गया। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि पर वे अपना धान लेकर आएँगे और खरीदी की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
केंद्र में उपलब्ध माइक्रो एटीएम सुविधा को किसान के लिए विशेष रूप से उपयोगी बताया गया है। श्री लकड़ा के अनुसार, इस सुविधा से किसान आवश्यकता अनुसार तुरंत राशि प्राप्त कर सकते हैं, जिससे दैनिक जरूरतों की पूर्ति में आसानी होती है। यह सुविधा छोटे और सीमांत किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक श्री संतोष गुप्ता ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी सुविधाएँ केंद्र में उपलब्ध हैं—ऑनलाइन टोकन व्यवस्था, माइक्रो एटीएम, बारदाना, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंध। जिले का प्रशासनिक अमला लगातार निगरानी कर रहा है ताकि हर किसान को धान खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, सरल और समयबद्ध रूप में मिले।
राज्य सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए धान उपार्जन केंद्रों में माइक्रो एटीएम मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके माध्यम से किसान 2,000 रुपए से 10,000 रुपए तक की राशि तत्काल निकाल सकते हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की इस पहल से किसानों को बैंकों में कतारों में लगने की आवश्यकता नहीं पड़ती और धान बिक्री के तुरंत बाद उन्हें आवश्यक नकद उपलब्ध हो जाता है। यह व्यवस्था किसानों की आर्थिक आवश्यकताओं को त्वरित रूप से पूरा करने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है।



