लक्ष्य साधो, आत्मविश्वास रखो, छात्र जीवन ही भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी : दीपक शर्मा
वैदिक महाविद्यालय सीपत के सात दिवसीय एनएसएस शिविर का सम्पन्न समापन, स्वच्छता-जागरूकता से लेकर रात्रिकालीन रचनात्मक कार्यक्रमों तक युवाओं ने दिखाया उत्कृष्ट योगदान

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। वैदिक महाविद्यालय सीपत की रासेयो इकाई द्वारा ग्राम मंजूरपहरी में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर का 1 दिसंबर को प्रभावी समापन हुआ। शिविर अवधि के दौरान शिविरार्थियों ने स्वच्छता अभियान, स्लोगन लेखन, जनजागरूकता रैली , प्रेरक नारे और विभिन्न सामाजिक परियोजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। प्रत्येक रात्रि आयोजित रचनात्मक कार्यक्रमों ने शिविर को ऊर्जावान रूप दिया।
लक्ष्य बड़ा रखो, आत्मविश्वास मजबूत रखोज् शिक्षा वही जो व्यवहार और संस्कार में दिखे: दीपक
शिविर के छठवें दिन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने छात्रों को ऊर्जा और उत्साह से भरते हुए कहा कि छात्र जीवन वह काल है जिसमें व्यक्ति अपनी इच्छाओं, लक्ष्यों और सपनों को आकार देता है। समय सबसे अमूल्य है और आज के प्रतिस्पर्धी दौर में कम समय में अधिक साधना ही सफलता की पहचान है। उन्होंने अर्जुन के लक्ष्य भेदन का उदाहरण देते हुए कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो, आत्मविश्वास अटूट हो और संघर्ष के क्षणों में निराशा को स्थान न दें।वास्तविक शिक्षा वही है जो हमारे संस्कारों और व्यवहार में झलकती है।
नशा युवाओं का भविष्य निगलता है—समाज को नशामुक्त बनाना हम सबकी जिम्मेदारी: टीआई राजेश
दोपहर में आयोजित बौद्धिक सत्र में सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने विद्यार्थियों को नशा मुक्त समाज की दिशा में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की क्षमता, ऊर्जा और भविष्य को जड़ से नष्ट करता है। राष्ट्र निर्माण में युवा सबसे बड़ी शक्ति हैं और युवाशक्ति जितनी सजग होगी, समाज उतना ही सुरक्षित व प्रगतिशील होगा।
सरकारी योजनाएँ तभी कारगर हैं जब हम जागरूक होकर उनका सही उपयोग करें: विक्रम सिंह
शिविर में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित बिल्हा जनपद उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकारी योजनाएँ युवाओं और ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निर्मित हैं। इनका लाभ तभी संभव है जब हम जागरूक होकर इनका उपयोग करें।
इन अतिथियों की रही उपस्थिति
इस दौरान विशिष्ट के रूप में बिल्हा जनपद उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा, प्रेस क्लब कोषाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, भाजयुमो नेता ललित यादव, अय्यूब खान उमा स्कूल मचखंडा के प्राचार्य जी.आर. पुलस्त, जेडी कॉन्वेंट के प्राचार्य प्रमोद रजक, सरपंच श्रीमती उषा मिलनदास मरावी, उपसरपंच जितेंद्र सरूता, पूर्व जनपद सदस्य श्रीराम नेताम, प्रधानपाठक देवकुमार पारकर, पंचगण सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक हिमांशु गुप्ता एवं आभार प्रदर्शन कार्यक्रम अधिकारी रामेश्वर साहू द्वारा किया गया। शिविर को सफल बनाने में संस्था सचिव अशोक श्रीवास, सहायक प्राध्यापक आकांक्षा भारती, रविशंकर यादव एवं सभी विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



