छत्तीसगढ़

एनटीपीसी सीपत के उमंग मेले में विज्ञान की चमक, विरानी पब्लिक स्कूल को मिला तीसरा स्थान

77 बाल वैज्ञानिकों की दमदार प्रस्तुति, आधुनिक विज्ञान मॉडल्स ने बटोरी जमकर सराहना

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एनटीपीसी सीपत द्वारा आयोजित उमंग मेला के अंतर्गत भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढक़र सहभागिता की।
प्रदर्शनी में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के नन्हें बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान और गणित पर आधारित अपने-अपने नवाचारी प्रोजेक्ट्स का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। सीनियर वर्ग में कुल 77 प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए गए, जिनमें बच्चों ने आधुनिक विज्ञान के मॉडल्स, ऊर्जा संरक्षण, वैकल्पिक ईंधन और तकनीकी नवाचारों को सरल व आकर्षक ढंग से प्रदर्शित कर खूब वाहवाही बटोरी। यह बाल विज्ञान मेला महिला संगवारी समिति, एनटीपीसी सीपत के तत्वावधान में आयोजित हुआ। परिणामों की घोषणा में प्रथम स्थान स्टीम टी प्रोजेक्ट (बाल भारती पब्लिक स्कूल, सीपत), द्वितीय स्थान बायोडीजल प्रोजेक्ट (बाल भारती पब्लिक स्कूल, सीपत) तथा तृतीय स्थान पैडल पावर जनरेटर मशीन के लिए विरानी पब्लिक स्कूल, सीपत को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर महिला संगवारी समिति की अध्यक्षा श्रीमती साधना पांडेय ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए सफल आयोजन के लिए समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को बढ़ावा मिलता है। विरानी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की उपलब्धि पर विद्यालय की संचालक नसीम विरानी एवं प्राचार्या श्रीमती तारागिरी ने छात्रों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। विद्यालय की ओर से विज्ञान प्रदर्शनी प्रभारी रितु डोंगरे तथा गणित प्रदर्शनी के लिए ओमप्रकाश यादव का योगदान सराहनीय रहा। कुल मिलाकर, उमंग मेले की विज्ञान प्रदर्शनी ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को नया मंच प्रदान किया, जो क्षेत्र के लिए प्रेरणास्पद सिद्ध हुआ।

Related Articles

Back to top button