रात के सन्नाटे में बेकाबू वाहन का कहर; नवाडीह चौक पर शुभ च्वाइस सेंटर को अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार ठोकर, दीवार ध्वस्त, चालक फरार

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। नवाडीह चौक स्थित शुभ च्वाइस सेंटर में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते होते टल गया। रात करीब 1 बजे अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में दुकान को सीधी टक्कर मार दी, जिससे दुकान की दीवार पूरी तरह टूट गई और भीतर लगे लोहे के रॉड एवं अन्य संरचनाएं गिरकर क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग नींद से जाग उठे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे आक्रोश का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, अन्यथा जान।माल की बड़ी हानि हो सकती थी।
झपकी या नशे में ड्राइविंग की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों व ग्रामीणों के अनुसार, घटना की प्रकृति को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि या तो चालक को झपकी आ गई थी या वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था। नवाडीह चौक जैसे व्यस्त क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था।
संचालक ने दर्ज कराई शिकायत
शुभ च्वाइस सेंटर के संचालक एवं सीपत प्रेस क्लब से जुड़े चंद्रप्रकाश गुप्ता ने घटना की सूचना सीपत थाने में लिखित रूप से दर्ज करा दी है। उन्होंने बताया कि रात के समय अचानक दुकान पर जोरदार धमाके की आवाज आई। सुबह देखा तो दीवार टूटी हुई थी, लोहे के रॉड गिर चुके थे और काफी नुकसान हुआ है। यदि उस समय कोई अंदर होता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस से मांग है कि आरोपी चालक की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस जांच में जुटी, ष्टष्टञ्जङ्क फुटेज खंगाले जा रहे।घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अज्ञात वाहन और फरार चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में रोष, रात में तेज रफ्तार वाहनों पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष देखा गया। लोगों ने रात के समय तेज रफ्तार व नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल, सीपत पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।



