सेवा, संस्कार और जागरूकता से गांव को सशक्त बनाना ही हमारा लक्ष्य; एनएसएस शिविर उच्चभट्ठी शिविर के लिए बनेगा वरदान
उच्चभट्ठी में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर प्रारंभ

अय्यूब खान हायर सेकेंडरी स्कूल मचखंडा की एनएसएस इकाई ने रचा सेवा का अनुकरणीय उदाहरण
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। अय्यूब खान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मचखंडा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम उच्चभ_ी में 21 से 27 दिसंबर तक आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ उत्साह और जनसहभागिता के साथ किया गया।।शिविर का उद्घाटन 21 दिसंबर को विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर किया गया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम सरपंच नारायण साहू, विशिष्ट अतिथि पूर्व पंच प्रेमलाल सारथी एवं रामखिलावान यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शाला के संचालक इदरीश खान, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी जी.आर. पुलस्त सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
सुबह सेवा, शाम संस्कार; एनएसएस शिविर बना जनजागरण का केंद्र
शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रात:काल परियोजना कार्य, स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, वहीं रात्रिकालीन सत्र में स्वयंसेवकों द्वारा रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सामाजिक संदेश दिया जा रहा है। प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों से अतिथियों की सहभागिता शिविर को और अधिक प्रेरणादायी बना रही है। इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्रों में सेवा-भावना का विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व की समझ, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा ग्रामीण परिवेश से सीधा जुड़ाव स्थापित करना है। सरपंच नारायण साहू ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से जो संस्कार और सेवा की भावना विद्यार्थियों में विकसित हो रही है, वही भविष्य में गांव और समाज को मजबूत बनाएगी। ऐसे शिविर गांव के लिए वरदान हैं।शाला संचालक इदरीश खान ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि छात्रों को समाज से जोडक़र एक जिम्मेदार नागरिक बनाना है। रासेयो शिविर छात्रों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम अधिकारी जी.आर. पुलस्त ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल मंत्र ‘मैं नहीं, आप’ है। इस शिविर के माध्यम से स्वयंसेवक गांव की वास्तविक समस्याओं को समझकर सेवा के जरिए समाधान का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने भी स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए इसे ग्राम उच्चभ_ी के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायी पहल बताया। शिविर के आगामी दिनों में और भी रचनात्मक, जागरूकता एवं सेवा आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।


