छत्तीसगढ़

विजय शर्मा केपीएल के मैदान में गूंजा बल्ले का तूफान, खिलाडिय़ों ने जड़े शतक

कवर्धा विधानसभा में पहली बार विजय शर्मा केपीएल, खिलाडिय़ों में जबरदस्त उत्साह

विजय शर्मा केपीएल बना युवाओं की पहचान का मंच, उभरे क्रिकेट के नए सितारे

रायपुर, 25 दिसंबर। कवर्धा विधानसभा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से पहली बार आयोजित विजय शर्मा केपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर खिलाडिय़ों एवं खेलप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस प्रतियोगिता ने क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच प्रदान किया है।
कवर्धा विधानसभा के 7 मंडलों से चयनित विजेता चार-चार टीमों सहित कुल 28 टीमें कवर्धा स्थित स्वामी करपात्री स्टेडियम में सेमीफाइनल एवं आगे के मुकाबलों में आमने-सामने खेल रही हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाडिय़ों में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ खेल भावना भी विकसित हो रही है।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला 25 दिसंबर आज को खेला जाएगा, जिसमें पहला मैच बदराडीह और सिंघनपूरी टीम के बीच होगा। वहीं दूसरा मुकाबला कवर्धा वार्ड क्रमांक 9 और नेवारी टीम के बीच खेला जाएगा। 26 दिसंबर को भी रोमांचक मुकाबले खेले जाने हैं। इस दिन पिपरिया-1 बनाम सोहागपुर, छपरी बनाम जेवडन, कवर्धा वार्ड क्रमांक 8 बनाम घुघरीकला के बीच मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनको लेकर खेलप्रेमियों में खासा उत्साह है।


विजय शर्मा केपीएल में खिलाडिय़ों ने अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। कवर्धा ग्रामीण मंडल के बदराडीह निवासी राम नारायण पटेल ने मात्र 20 गेंदों में 100 रन बनाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वहीं भोरमदेव ग्रामीण मंडल के सेवाईकछार निवासी भीखम यादव ने केवल 30 गेंदों में 125 रन की विस्फोटक पारी खेलकर प्रतियोगिता को और भी खास बना दिया। केपीएल मैच के दौरान खिलाडिय़ों द्वारा लगाए गए शानदार चौकों और छक्कों पर दर्शकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरा स्टेडियम खेलमय वातावरण से गूंज उठा।
विजय शर्मा केपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन से ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिल रहा है। विजय शर्मा केपीएल न केवल खेल को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें आगे बढऩे की प्रेरणा भी दे रहा है। क्षेत्रवासियों ने इस आयोजन के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए इसे कवर्धा विधानसभा के खेल इतिहास में एक ऐतिहासिक पहल बताया है।

Related Articles

Back to top button