देश / विदेश

दूषित पानी पीने से 8 की मौत

इंदौर। देश का सबसे साफ शहर कहलाने वाला इंदौर इन दिनों गंभीर जल संकट और प्रशासनिक लापरवाही के आरोपों से घिर गया है। शहर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक अधिकारी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
भागीरथपुरा पुलिस चौकी क्षेत्र के भागीरथपुर इलाके में बीते एक सप्ताह के भीतर कई लोग बीमार पड़े, जिनमें से 8 लोगों की मौत होने की बात स्थानीय लोग कर रहे हैं। हालांकि शासन स्तर पर अभी तक केवल तीन मौतों की आधिकारिक पुष्टि की गई है। वहीं महापौर ने 7 मौतों को स्वीकार किया है, जिससे प्रशासनिक आंकड़ों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
शासन द्वारा जिन तीन मौतों की पुष्टि की गई है, उनमें नंदराम, उर्मिला और ताराबाई कोरी शामिल हैं। इसके अलावा जिन अन्य लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, उनमें गोमती रावत, उमा कोरी और संतोष बिगोलिया के नाम शामिल हैं। एक सप्ताह के भीतर मृतकों की संख्या 8 तक पहुंचने से इलाके में दहशत का माहौल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना को बेहद गंभीर मानते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि जोन क्रमांक 4 के संबंधित जोनल अधिकारी, सहायक यंत्री एवं प्रभारी सहायक यंत्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वहीं प्रभारी उपयंत्री को सेवा से पृथक कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति भी गठित की गई है।

Related Articles

Back to top button