छत्तीसगढ़

सीपत में कल होगा विशाल हिन्दू सम्मेलन, धर्म-संस्कृति और सामाजिक एकता पर होगा मंथन

आरएसएस के प्रांतीय कार्यवाह चंद्रशेखर देवांगन होंगे मुख्य वक्ता, संतों व प्रबुद्धजनों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। पुराना धान मंडी मैदान में कल रविवार, 4 जनवरी को दोपहर 2 बजे विशाल हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन का उद्देश्य हिन्दू समाज को संगठित करना, सनातन संस्कृति के मूल्यों का संरक्षण करना तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के विषयों पर जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यवाह चंद्रशेखर देवांगन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे अपने उद्बोधन में हिन्दू समाज की भूमिका, सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्र निर्माण में सामाजिक सहभागिता तथा वर्तमान समय की चुनौतियों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में निखिल आश्रम बहतराई राष्ट्रीय संत समिति के जिलाध्यक्ष स्वामी वासुदास जी महाराज शामिल होंगे, जो धर्म, नैतिक मूल्यों और समाज में आध्यात्मिक चेतना के महत्व पर अपने विचार रखेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की अधिवक्ता पूर्णिमा सिंह की उपस्थिति रहेगी, जो सामाजिक एवं संवैधानिक विषयों पर अपने विचार साझा करेंगी।
इस भव्य आयोजन की अध्यक्षता सीपत सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार करेंगी। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह सम्मेलन समाज में एकता, संस्कार और संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, युवाओं, मातृशक्ति एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है। सम्मेलन के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने और सांस्कृतिक चेतना को और सशक्त करने का संकल्प लिया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारी पूरी तरह कर ली गई है।

Related Articles

Back to top button