जल संरक्षण बनेगा जनआंदोलन! कर्रा में ‘मिशन जल रक्षा’ का महाअभियान आज, कलेक्टर-एसपी से लेकर एनटीपीसी प्रमुख तक रहेंगे मौजूद
गिरते भूजल पर निर्णायक प्रहार, नशा मुक्ति-साइबर सुरक्षा-यातायात जागरूकता-डिस्पोजल मुक्त गांव का एक साथ संदेश

प्रशासन-एनटीपीसी-जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों की साझा भागीदारी से कर्रा बनेगा जल चेतना का मॉडल गांव
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। तेजी से गिरते भूजल स्तर को थामने और जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से मिशन जल रक्षा के तहत एनटीपीसी सीपत के प्रभावित ग्राम कर्रा में आज गुरुवार सुबह 11 बजे एक विशाल जनजागरूकता महाअभियान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम न केवल जल संरक्षण बल्कि समाज सुधार से जुड़े कई अहम मुद्दों पर एक साथ सशक्त संदेश देने वाला माना जा रहा है। इस बहुआयामी जागरूकता अभियान में जल संरक्षण के साथ-साथ नशा मुक्ति, साइबर फ्रॉड से बचाव, यातायात नियमों के प्रति सजगता, डिस्पोजल मुक्त गांव की अवधारणा तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को न केवल जानकारी दी जाएगी, बल्कि उन्हें प्रत्यक्ष भागीदारी के लिए प्रेरित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल तथा एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल की विशेष उपस्थिति रहेगी। इनके साथ ही जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य, सरपंच, पंचायत सचिव, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
जल संरक्षण से सामाजिक बदलाव तक का संकल्प
कार्यक्रम का मूल उद्देश्य हर बूंद की कीमत समझाते हुए जल संरक्षण को व्यवहार में उतारना, युवाओं और समाज को नशे से दूर रहने का संदेश देना, साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे से सावधान करना, सडक़ सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार नागरिक तैयार करना तथा स्वच्छ, डिस्पोजल मुक्त और पर्यावरण-संवेदनशील ग्राम पंचायत की दिशा में ठोस पहल करना है।अधिकारियों द्वारा व्यावहारिक मार्गदर्शन, उदाहरणों के माध्यम से समझाइश और स्थानीय स्तर पर समाधान सुझाए जाएंगे। ग्रामीणों से आह्वान किया जाएगा कि वे प्रशासन के साथ मिलकर इन अभियानों को स्थायी सफलता तक पहुंचाएं।
प्रशासन-एनटीपीसी की सराहनीय पहल
मिशन जल रक्षा के माध्यम से जिला प्रशासन और एनटीपीसी सीपत द्वारा सतत विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व और भविष्य की पीढिय़ों के लिए संसाधनों के संरक्षण की दिशा में यह पहल एक मील का पत्थर साबित होने जा रही है। कर्रा ग्राम को इस अभियान के माध्यम से जल चेतना और सामाजिक जागरूकता का उदाहरण बनाने की दिशा में यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



