दिल्ली पुलिस परीक्षा में हाईटेक नकल का पर्दाफाश, सीपत पुलिस ने ब्लूटूथ-इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ युवक को दबोचा
एसएससी हेड कांस्टेबल परीक्षा के दौरान रंगेहाथ पकड़ा गया आरोपी, राजस्थान का रहने वाला है अभ्यर्थी, भेजा गया जेल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एसएससी द्वारा आयोजित दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल (लिपिकीय) भर्ती परीक्षा 2025 के दौरान हाईटेक नकल करते हुए एक अभ्यर्थी को सीपत पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और ब्लूटूथ के जरिए नकल कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से नकल में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस व ब्लूटूथ जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित मीना पिता गाजीराम मीना (25 वर्ष) निवासी सेकंड बसवा, थाना बसवा (चंदर बॉस कुआं की धानी), जिला दौसा, राजस्थान के रूप में हुई है।
कैसे हुआ खुलासा
मामले की रिपोर्ट विजय कुमार लहरे पिता महेंद्र कुमार लहरे (24 वर्ष) निवासी ग्राम बघमार, थाना फास्टरपुर, जिला मुंगेली, वर्तमान पता अमेरी चौक बिलासपुर द्वारा दर्ज कराई गई। प्रार्थी जीटीबी कॉलेज फरहदा, सीपत स्थित परीक्षा केंद्र में वेन्यू मैनेजर के पद पर कार्यरत है। दिनांक 09 जनवरी 2026 को एसएससी द्वारा आयोजित दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल (सीबीई) परीक्षा शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे तक आयोजित थी। इसी दौरान अभ्यर्थी मोहित मीना को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस व ब्लूटूथ की सहायता से नकल करते हुए पकड़ा गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से नकल में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस व ब्लूटूथ बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि भर्ती परीक्षाओं में नकल जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। नकल करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



