छत्तीसगढ़

किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण का बजट, विकसित भारत की रफ्तार अब गांवों से होगी तय: दीपक शर्मा

सीपत विश्राम गृह में भाजपा कार्यकर्ताओं ने देखा केंद्रीय बजट 2026 का लाइव प्रसारण

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। भारतीय जनता पार्टी सीपत मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 का लाइव प्रसारण सीपत विश्राम गृह में सामूहिक रूप से देखा। जैसे ही केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार संसद में बजट प्रस्तुत किया, वहां मौजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह और जिज्ञासा का माहौल दिखाई दिया। बजट भाषण समाप्त होते ही उपस्थित पदाधिकारियों ने इसे समावेशी, विकासोन्मुखी और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निर्णायक कदम बताया।
कार्यक्रम में जिला भाजपा ग्रामीण उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने वाला है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के लिए किए गए प्रावधान इस बजट को मील का पत्थर बनाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ जैसे कृषि प्रधान राज्य को मिलने वाले लाभों का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में इसका सकारात्मक असर दिखेगा। भाजपा सीपत मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार से जोडऩे और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला है और ग्रामीण भारत को विकास की मुख्यधारा में और मजबूती से जोडऩे वाला साबित होगा। उनके अनुसार छत्तीसगढ़ के गांवों में अब विकास की नई रफ्तार तय होगी।
जिला भाजपा कार्यसमिति सदस्य मन्नू सिंह ठाकुर ने कहा कि बजट 2026 में छत्तीसगढ़ के विकास की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। कृषि, आदिवासी अंचलों, ग्रामीण बुनियादी ढांचे और रोजगार सृजन को नई दिशा देने वाले प्रावधान प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से छत्तीसगढ़ को लगातार प्राथमिकता मिल रही है। मंडल महामंत्री हरिकेश गुप्ता ने कहा कि यह बजट देश की आर्थिक मजबूती को और सुदृढ़ करेगा। बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्टार्टअप को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए नए अवसर खोले गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ में सडक़, बिजली और रोजगार से जुड़े क्षेत्रों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा। भाजयुमो मंडल अध्यक्ष तुषार चंद्राकर ने कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों को राहत, आदिवासी क्षेत्रों के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाले प्रावधान प्रदेश के समग्र विकास को सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बजट को देश और छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। इस अवसर पर भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष नागेश्वर सिंह ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष बांके बिहारी गुप्ता, प्रदेश भाजयुमो ग्रामीण के विशेष आमंत्रित सदस्य ललित यादव, रमन गिरी गोस्वामी, वैभव तंबोली, प्रमोद शर्मा, दिनेश विजय, शुभम यादव, लालू साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button