राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में डिफेंस ताइक्वांडो क्लब का जोरदार प्रदर्शन , 27 बच्चों ने मेडल जीत रचा इतिहास
कोच सूर्यप्रकाश चंद्राकर बोले- मेरे खिलाडिय़ों ने मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से हासिल किया यह मुकाम


सीपत (हिमांशु गुप्ता)। बहतराई स्टेडियम बिलासपुर में 30 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय गोल्ड कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में डिफेंस ताइक्वांडो क्लब के खिलाडिय़ों ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में क्लब के खिलाडिय़ों ने कुल 27 पदक जीतकर जिले और अपने क्लब का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए खिलाडिय़ों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, लेकिन डिफेंस ताइक्वांडो क्लब के खिलाडिय़ों ने अनुशासन, तकनीक और आत्मविश्वास के दम पर मुकाबलों में अपना दबदबा बनाए रखा। निशा खांडे, रिया भट्टाचार्य, शिवांगी सिंह, कुमुद पटेल, मनवी पटेल, रोहन प्रकाश, वैभव, आरिफ अहमद, मनवेद, धनेश, आर्यन और श्रीकृति गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण (गोल्ड मेडल) पदक अपने नाम किए। वहीं रियांश, तमन्ना और हर्ष ने बेहतरीन संघर्ष करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया। अनय, राही पटेल, सत्विक वास्त्रकार, पिनाल सिंह, वैष्णवी चंद्रा, मानशा वर्मा, पंखुड़ी तिवारी, तनु पटेल, आदित्य, वंशिका साहू और आयन सिंह ने कांस्य पदक (ब्रांज मेडल) जीतकर क्लब की उपलब्धियों में इज़ाफा किया। इसके अतिरिक्त भावेश प्रकाश, आयांश प्रताप, ख्वाहिश पत्रे और प्रिंस चंद्रा ने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों और प्रशिक्षकों की सराहना बटोरी।
डिफेंस ताइक्वांडो क्लब के संचालक एवं कोच सूर्यप्रकाश चंद्राकर ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ मेडल की नहीं, बल्कि हमारे खिलाडिय़ों की मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की जीत है। हमने हमेशा तकनीक के साथ मानसिक मजबूती पर भी ध्यान दिया है। बच्चों ने राज्य स्तर पर जिस तरह प्रदर्शन किया है, वह साबित करता है कि अगर सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास मिले तो हमारे क्षेत्र के खिलाड़ी भी बड़े मंच पर चमक सकते हैं। आने वाले समय में हम राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना परचम लहराने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि खिलाडिय़ों के माता-पिता का सहयोग और क्लब की समर्पित प्रशिक्षण व्यवस्था इस सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। इस अवसर पर कोच सूर्यप्रकाश चंद्राकर, खुशी विजय और सभी अभिभावकों ने खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता से लौटे खिलाडिय़ों का उत्साह देखते ही बन रहा था, और पूरे क्षेत्र में इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है। डिफेंस ताइक्वांडो क्लब की यह सफलता आने वाले खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणा बन गई है।



