राजधानी

भनपुरी के डामर फैक्ट्री में लगी भीषण आग

आग पर काबू पाने की कोशिश जारी

रायपुर, 7 फरवरी। राजधानी रायपुर के भनपुरी इलाके में डामर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। यह आग बहुत तेज़ी से फैली और आस-पास के औद्योगिक क्षेत्र में धुआँ व लपटें दूर-दूर तक दिखाई दीं। इस हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाडिय़ाँ मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। उरला थाना पुलिस और स्थानीय अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे, और आग लगने के कारणों की छानबीन की जा रही है। घटना के समय किसी भी व्यक्ति के घायल होने या मौत की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि प्रशासन जांच में जुटा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग की लपटें तेज हो गईं। फैक्ट्री में तार, ऑयल, केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। घटनास्थल पर मौजूद निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया, कि पुलिसकर्मी-फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाते हुए तुरंत फैक्ट्री खाली कराई, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के दौरान आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button