मस्तूरी के शिक्षक साकेत अवस्थी का ऑल इंडिया सिविल सर्विस क्रिकेट में चयन
नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व, तीसरी बार मिला राष्ट्रीय अवसर

- कक्षा से क्रिकेट मैदान तक शानदार सफर, साकेत करेंगे देश की राजधानी में प्रतिनिधित्व
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। विकासखंड मस्तूरी के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। शासकीय प्राथमिक शाला बूढ़ीखार संकुल बूढ़ीखार में पदस्थ सहायक शिक्षक साकेत अवस्थी का चयन नई दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विस क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ टीम में किया गया है। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि साकेत का यह तीसरा चयन है, जो उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। अब वे राष्ट्रीय स्तर पर मस्तूरी और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का माहौल है।
शिक्षा के साथ खेल में भी उत्कृष्टता
साकेत अवस्थी न केवल एक समर्पित शिक्षक हैं, बल्कि एक प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी भी हैं। विद्यालयी दायित्वों के साथ खेल में निरंतर अभ्यास और अनुशासन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। ग्रामीण अंचल से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।साकेत अवस्थी ने बताया कि मुझे गर्व है कि मैं अपने प्रदेश छत्तीसगढ़ और अपने विकासखंड मस्तूरी का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर कर रहा हूँ। यह चयन मेरे वरिष्ठों के मार्गदर्शन, साथियों के सहयोग और परिवार के आशीर्वाद का परिणाम है। मैं पूरी मेहनत से अच्छा प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करने की कोशिश करूंगा।
अधिकारियों ने दी बधाई
साकेत के चयन पर शिक्षा विभाग और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों में खुशी की लहर है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री शिवराम टंडन ने इसे विकासखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि साकेत अवस्थी ने यह सिद्ध कर दिया है कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं, खेल सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। विकास खंड स्त्रोत समन्वयक सूरज कुमार क्षत्री ने इसे प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए शुभकामनाएँ दीं। इसी तरह सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी आर. पी. एक्का, संकुल प्राचार्य काशीराम रजक,। साक्षर भारत ब्लॉक समन्वयक राजेश सिंह क्षत्री, संकुल शैक्षिक समन्वयक विश्वजीत राय तथा शिक्षकगण सुनील कुमार चौधरी, प्रमोद कुमार पाण्डेय, शिवनाथ यादव, रामकुमार यादव, विनय गुप्ता सहित विकासखंड के समस्त शिक्षकों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाले साकेत अवस्थी आज मस्तूरी के युवाओं के लिए रोल मॉडल बन चुके हैं। उनकी यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।


