राजधानी

नन्हे हाथों ने रंगों से उकेरी स्वच्छ, हरित, शिक्षित और सशक्त भारत की तस्वीर

सेवा संकल्प अभियान में चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

रायपुर ,19 सितम्बर। सेवा, जागरूकता और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और कला प्रतिभा के माध्यम से स्वच्छ, हरित, शिक्षित, सशक्त और विकसित भारत की परिकल्पना को रंगों में साकार किया। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के जरिए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
विद्यार्थियों की कलाकृतियों में स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण, बाल श्रम उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, सबके लिए शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल सेवाएं, अक्षय ऊर्जा और विकसित भारत-2047 जैसे विषय प्रमुखता से उभरकर सामने आए। रंगों और संदेशों के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता, शिक्षा, समानता, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक प्रयासों से आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार की जा सकती है।
चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने जैसे विषयों को चित्रों में उकेरा। वहीं पेड़ लगाने, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के माध्यम से हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया गया। कई कलाकृतियों में प्रदूषित और स्वच्छ पर्यावरण के बीच अंतर को दर्शाते हुए प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता व्यक्त की गई।
विद्यार्थियों ने बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता फैलाते हुए अपनी कलाकृतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि बच्चों के हाथों में मजदूरी के औजार नहीं, बल्कि किताब और कलम होनी चाहिए। पोस्टरों में प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोडऩे, बाल अधिकारों की रक्षा करने और शिक्षित समाज के निर्माण पर जोर दिया गया। बच्चों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज से बाल श्रम रोकने तथा जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे का आह्वान किया।
विकसित भारत-2047 की परिकल्पना पर आधारित चित्रों में विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, डिजिटल इंडिया, अक्षय ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण, आधुनिक परिवहन, आर्थिक प्रगति और सबके लिए शिक्षा जैसे विषयों को स्थान दिया। सौर एवं पवन ऊर्जा, अंतरिक्ष अभियान, इलेक्ट्रिक वाहन, आधुनिक रेल और डिजिटल सेवाओं से जुड़े चित्रों के माध्यम से बच्चों ने आधुनिक, आत्मनिर्भर और प्रगतिशील भारत का सपना प्रस्तुत किया।
चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी सोच व्यक्त करने का अवसर दिया। बच्चों की कलाकृतियों में सेवा, संकल्प, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का सुंदर समन्वय दिखाई दिया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि विकसित भारत की यात्रा में उनकी कल्पना, संवेदनशीलता और रचनात्मक सोच भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Back to top button