खड़ामाचा जंगल में 30 हाथियों का दल, वन विभाग अलर्ट
जंगल के रास्तों पर लगाए ‘सावधान, जंगल में हाथी है’ की चेतावनी बैनर

- ग्रामीणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील
रायपुर, 26 सितंबर। जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र अंतर्गत खड़ामाचा जंगल में करीब 30 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और आसपास के ग्रामीणों को लगातार सावधान किया जा रहा है।
ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग द्वारा जंगल क्षेत्र और आवाजाही वाले रास्तों पर ‘सावधान, जंगल में हाथी है’ लिखे चेतावनी बैनर लगाए गए हैं। इनके माध्यम से ग्रामीणों को हाथियों के दल की मौजूदगी की जानकारी देने के साथ ही जंगल के रास्तों का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले जंगल एवं संभावित विचरण क्षेत्रों में प्रवेश न करें। हाथियों को देखने के लिए उनके नजदीक जाने, उनका पीछा करने अथवा किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने और वन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग से मानव-हाथी द्वंद्व की संभावित घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।



