बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान, भय और हिंसा की जगह विश्वास एवं विकास का नया वातावरण: नितिन नवीन
जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि हमारी सरकार का संकल्प: मुख्यमंत्री साय

- भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय जननायकों के संघर्ष एवं बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर रहे हैं: मुख्यमंत्री

रायपुर, 15 नवंबर। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने आज रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए यह बात कही।
राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की पावन धरती है। श्री नवीन ने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने की थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण वे उपस्थित नहीं हो सके।
श्री नवीन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भव्य आयोजन के लिए विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह ने पूरे छत्तीसगढ़ में गौरव और आत्मसम्मान का वातावरण निर्मित किया है।
उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। श्री नवीन ने कहा कि जनजातीय समाज सदैव भारत की संस्कृति, सभ्यता, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रहरी रहा है। प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की जनजातीय परंपरा आज पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के गोंड, उरांव, कंवर, बैगा, कमार, हल्बा, मुरिया और माडिय़ा सहित सभी जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि इन समुदायों की लोककलाएँ, लोकनृत्य, पर्व और परंपराएँ छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान मिल रही है।
श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का विराजमान होना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और लगभग 24 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान वाली पीएम-जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय बहुल गाँवों में आवास, सडक़, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।
श्री नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनजातीय समाज को विकास योजनाओं का लाभ देने के साथ ही नेतृत्व के अवसर भी प्रदान किए हैं। छत्तीसगढ़ में श्री विष्णु देव साय और ओडिशा में श्री मोहन चरण माझी का मुख्यमंत्री के रूप में नेतृत्व करना इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है।
श्री नवीन ने बस्तर में आ रहे सकारात्मक परिवर्तन की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्रीअमित शाह के दृढ़ संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को निर्णायक सफलताएँ मिली हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, छत्तीसगढ़ सरकार और वीर सुरक्षाबलों को बधाई दी।
उन्होंने नक्सली हिंसा में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। श्री नवीन ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उन्हें नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलवाया था। उन परिवारों की पीड़ा, आँसू और संघर्ष को देखकर उन्हें इस अभियान की कठिनाइयों का गहराई से एहसास हुआ। नक्सलवाद के विरुद्ध यह संघर्ष केवल हिंसा समाप्त करने का नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और शांति लौटाने का संकल्प है।
श्री नवीन ने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहाँ आज खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। बच्चे और युवा शिक्षा, खेल तथा कौशल के माध्यम से अपने सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर के युवाओं के हाथों में बंदूक के स्थान पर खेल का सामान और हिंसा के स्थान पर नई उम्मीदें देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि जब बंदूक की जगह खेल का मैदान लेता है, हिंसा की जगह शिक्षा लेती है और भय की जगह विश्वास पैदा होता है, तब उस क्षेत्र के विकास को कोई रोक नहीं सकता। आज बस्तर के युवा इसी सकारात्मक परिवर्तन के प्रतीक बन रहे हैं।
श्री नवीन ने कहा कि वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी ने बस्तर के युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को नई पहचान दी। इसी प्रकार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने नीट तथा लगभग 346 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की। प्रदेश में संचालित 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
श्री नवीन ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का जनजातीय समाज विकास और समृद्धि की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।
भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक रू मुख्यमंत्री श्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुँचाना हमारी सरकार का संकल्प है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा सहित हमारे महान जनजातीय जननायकों ने जिस स्वाभिमानी, सशक्त और समृद्ध समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तथा तीर-धनुष एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय सहित मंचस्थ अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर दिए गए वर्चुअल संबोधन का श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को नई दिशा मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लेकर देश के महान जनजातीय नायकों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2024 में जशपुर तथा वर्ष 2025 में सरगुजा में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया था। सरगुजा में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति रही थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष धरमजयगढ़ में तीसरा भव्य आयोजन किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों और बलिदानियों की धरती है। यहाँ के 14 महान जनजातीय जननायकों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन में अविस्मरणीय योगदान दिया। सोनाखान के शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल और भुखमरी से पीडि़त गरीबों तक अनाज पहुँचाने के लिए अन्यायपूर्ण व्यवस्था को चुनौती दी और मातृभूमि तथा जनसेवा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। इसी प्रकार वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह सहित अनेक जनजातीय जननायकों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूँका।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली हैं। सुरक्षाबलों के अदम्य साहस और केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण निर्मित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के अनेक क्षेत्र चार से पाँच दशकों तक नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे। अब इन क्षेत्रों में नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विकास को नई गति दी जा रही है। सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ नागरिकों को शासकीय योजनाओं से जोडऩे के साथ ही महिलाओं और युवाओं को कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय अंचलों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए मनेंद्रगढ़ और गीदम में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जगरगुंडा और ओरछा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत लगभग 35 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। दूरस्थ गाँवों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा भी प्रारंभ की गई है।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह एवं श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग, पद्मश्री सम्मानित श्रीमती बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



