फसलों की सुरक्षा व गौ-सेवा के लिए किसान करें पैरादान : परस राम साहू
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाटन के मीडिया प्रभारी ने किसानों से पैरा न जलाने की अपील की

पाटन (दुर्ग)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाटन के मीडिया प्रभारी एवं ग्राम महुदा निवासी परस राम साहू ने क्षेत्र के किसानों से ‘पैरादान महाभियान’ के तहत गौठानों में पैरा दान करने की अपील की है।
एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से श्री साहू ने कहा कि वर्तमान में फसलों की कटाई प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में मवेशियों के खुले में घूमने से सडक़ों पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है। श्री साहू का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में गौमाता की सेवा के लिए गांव-गांव में गौठान बनाए गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार इनके रखरखाव में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम पंचायतों और सरपंचों के खातों में फंड की कमी के कारण गौठानों की व्यवस्था चरमरा गई है।
श्री साहू ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मवेशियों और फसलों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे खेतों में पैरा न जलाएं और न ही किसी निजी कंपनी को बेचें, बल्कि गौठानों में पैरादान कर गौ-सेवा और अपनी फसलों की सुरक्षा में सहयोग करें।



