पाकिस्तान में मारा गया लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी अबू कताल

नई दिल्ली। लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का खतरनाक आतंकवादी अबू कताल पाकिस्तान में मारा गया। अबू कताल 2023 के राजौरी हमले और 2024 के रियासी बस हमले में वांछित था। अबू कताल को फैसल नदीम के नाम से भी जाना जाता था। उसकी देर रात अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
जम्मू-कश्मीर में कई घातक हमलों को अंजाम देने में अपनी भूमिका के कारण कताल राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और भारतीय सेना सहित भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक प्रमुख लक्ष्य था। 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के करीबी सहयोगी ने 9 जून, 2024 को जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में हिंदू तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुए हमले में अहम भूमिका निभाई थी। उसके नेतृत्व में किए गए इस हमले में कई लोग मारे गए थे और कई घायल हुए थे। इस कारण क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी नई चिंताएं पैदा हो गई थीं।
अबू कताल 2023 के राजौरी आतंकवादी हमले में भी शामिल था, जहां आतंकवादियों ने 1 जनवरी को ढांगरी गांव में नागरिकों को निशाना बनाया और अगले दिन आईईडी विस्फोट किया था। समन्वित हमलों में दो बच्चों समेत सात लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।



