बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने पर सोन एवं सोनसरी के ग्रामीणों ने किया मस्तूरी विधायक लहरिया का भव्य स्वागत, जताया आभार
आप लोगों के संजोए विकास के सपने ईमानदारी के साथ यथार्थ के धरातल पर साकार करके दिखाऊंगा : दिलीप लहरिया

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सोन एवं सोनसरी के बीच बहुप्रतीक्षित मांग पूर्ण होने पर ग्रामीणों ने मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया का अभिनन्दन करते हुए आभार जताया है।
बता दें कि गांवों के लोग वर्षों से पुलिया व सडक़ की मांग कर रहे थे। पुलिया नही होने से उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। 25 वर्ष पुरानी लंबित बहुप्रतीक्षित मांगो को संज्ञान लेते हुए विधायक लहरिया के प्रयासों एवं अनुशंसा से सात करोड़ छियानवे लाख चार हजार रुपए राशि की लागत से 2.50 किमी. सबरियाडेरा के बीच सरार नाला में पुलिया सहित मार्ग स्वीकृत हुआ है।

वर्षों से लंबित इस मांग की स्वीकृति होने पर सोन एवं सोनसरी के ग्रामीणों ने कार्यक्रम आयोजित कर विधायक लहरिया का सम्मान किया। ग्रामीणों ने कहा है कि विधायक लहरिया विकास कार्यो में विश्वास रखते हैं। उन्होंने वर्षों से लंबित हमारी मांग को मंजूरी करा दी। अब निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। इस दौरान विधायक दिलीप लहरिया ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आपका स्नेह आशीर्वाद और विश्वास इसी तरह मिलता रहा तो मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र समग्र समावेशी विकास का मॉडल बनकर पूरे प्रदेश में चमकेगा। आप लोगों ने विकास के जो सपने वर्षों से संजोए हैं, उन्हें पूरी ईमानदारी के साथ यथार्थ के धरातल पर साकार करके दिखाऊंगा।



