गुड़ी की महिलाओं ने ग्राम को नशामुक्त बनाने छेड़ी मुहिम
महिलाएं व युवा समाज में ला सकते हैं सुधार, तभी गांव का होगा विकास: टीआई सतपथी

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। कारिछापर, जुहली, मड़ई के बाद अब गुड़ी गांव की महिलाएं नशे के खिलाफ लामबंद हो रही है। गांवों को नशामुक्त बनाने टीआई के जनचौपाल का प्रभाव क्षेत्र में पड़ता जा रहा है। गांव में शांति व्यवस्था कायम रहे इसे लेकर महिलाएं इस मुहिम को चलाने आगे आ रहे है।

इसी कड़ी में गांव को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से रविवार को ग्राम गुड़ी के पीपल चौक में ग्रामसभा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें सरपंच, पंच , गणमान्य नागरिक सहित बड़ी संख्या में ग्राम की महिलाएं उपस्थित रही। सरपंच दुर्गा साहू ने कहा कि कच्ची महुआ शराब की बिक्री यहां चरम पर है। इसके चलते गांव के कई नौजवानों को अपना जान गवाना पड़ा। युवा नशे की गिरफ्त में आते जा रहे है। किसी भी मोहल्लों या घरों में शराब शराब बेचते या पीते को इसकी शिकायत जरूर करें। हम सभी एकजुट होकर ग्राम को नशामुक्त बनाएंगे।
टीआई गोपाल सतपथी ने ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति विशेष को ही नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसके कारण कई परिवार आर्थिक संकट, स्वास्थ्य समस्याओं और सामाजिक तिरस्कार का सामना करते हैं। भारत मे छग शराब के मामले में सबसे अग्रणी है यह बड़ा चिंतनीय विषय है। उन्होंने ग्रामीणों को कारिछापर, जुहली गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि इन गांवों से दस सालों से थाने में कोई शिकायत नहीं, इसी कारण गांव में एकजुटता के साथ शांति का वातावरण बना हुआ है।
उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं व युवावों को एकजुट होकर इस मुहिम में आगे आने कहा। थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने कहा कि आप हिम्मत के साथ मजबूत होकर यदि इस मुहिम को चलाएंगे तो पुलिस निश्चित ही आपका सहयोग करेगी। उन्होंने अवैध महुआ शराब बिक्री करने वालों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महिला एवं युवा ही समाज में सुधार ला सकता है। नशा के खिलाफ आवाज उठाने किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि हम सब की दायित्व बनती है। तभी समाज और गांव का विकास संभव है। यदि ग्राम पूर्ण रूप से नशामुक्त बनेगा तो अपराध नही होगा , गांवों में शांति स्थापित होगी। कोर्ट , कचहरी पुलिस थाना से आप दूर रहेंगे। इस मुहिम पर आप आबकारी विभाग का भी मदद लीजिए।
इस दौरान बैठक में उपस्थित महिलाओं , युवाओं व बुजुर्गों ने भी इस समस्या को लेकर अपने अपने विचार रखे। इस दौरान उपसरपंच विजय लास्कर , रामशरण गुप्ता , श्रीमती प्रेमलता साहू , जमुनाबाई , दीपक सिंह क्षत्री , केतकी राजहंस , युवराज सिंह , हीरालाल , श्रवण बिंझवार , विजयलक्ष्मी , रामप्रसाद , गीताबाई , रेवती , पूजा लोनिया , सुरेश यादव , बिंदराम साहू , मनोज बिंझवार , नंदनी साहू , हीरामणि सूर्यवंशी , पार्वती साहू , जेठिया बिंझवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



