
- खरोरा सडक़ दुर्घटना पर मुख्यमंत्री साय ने गहरा शोक व्यक्त किया
रायपुर। विधानसभा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सडक़ हादसा हो गया। हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा खरोरा-बलौदा बाजार रोड पर उस समय हुआ जब माजदा वाहन में सवार होकर लोग बच्चों के जन्मोत्सव कार्यक्रम से लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माजदा वाहन जैसे ही खरोरा क्षेत्र में पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 9 महिलाएं, 2 बच्चियां, 1 बच्चा और 6 माह की एक शिशु शामिल हैं।
हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेडिकल कॉलेज रायपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है।
घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा सडक़ सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खरोरा क्षेत्र में हुई भीषण सडक़ दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। इस दुखद घटना में 13 लोगों की मृत्यु तथा 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खरोरा में हुए भीषण सडक़ हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीडि़त परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने घायलों के समुचित उपचार हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने जिला प्रशासन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
खरोरा सडक़ हादसे में 13 लोगों के निधन पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है। इस भीषण सडक़ हादसे को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि कोई भी सडक़ हादसा किसी न किसी कानून के उल्लंघन से होता है। इसकी जांच कराई जायेगी।
–



