आरएसएस ने मनाया हिन्दू साम्राज्य दिवस , शिवाजी को याद कर कहा- समाज के लिए गौरव का दिन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ निरंतर राष्ट्र के उत्थान के लिए काम कर रहा

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सीपत उपखण्ड द्वारा हिंदू साम्राज्य दिवस बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत शाखा के साथ ध्वज वंदन और छत्रपति शिवाजी महाराज के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिवाजी महाराज के रायकार्यों, युद्धनीतियों , निडरता के बारे में बताया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नगर बौद्धिक प्रमुख सुनील चौहान ने शिवाजी महाराज की गौरवगाथा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किस तरह चारों तरफ फैले मुगल शासन के समय में उन्होंने राजपाट संभाला और हिंदू साम्राज्य की स्थापना कर हिन्दुओं में गौरव व सम्मान की भावना का संचार किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ निरंतर राष्ट्र के उत्थान के लिए काम कर रहा है।
संघ वर्ष में छह प्रमुख उत्सव मनाते हैं। उन्हीं में से एक प्रमुख उत्सव है हिंदू साम्राज्य दिवस। सन 1674 में ज्येष्ठ शुक्ल त्रियोदशी को शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक कर हिंदू साम्राज्य की स्थापना की गई। शिवाजी महाराज बचपन से ही स्वाभिमानी एवं राष्ट्रभक्त थे। शिवाजी महाराज के शासन में सभी की सहभागिता रहती थी। उनके शासन में छूआछूत का कोई स्थान नहीं था। आज का दिन समस्त हिंदू समाज के लिए गौरव का दिन है। छत्रपति शिवाजी महाराज ने अपने अद्भुत पराक्रम, नेतृत्व और रणनीति से न केवल हिंदू समाज को एकजुट किया, बल्कि हिंदू साम्राज्य की स्थापना कर पूरे देश को गौरवान्वित किया। उनके जीवन से आज के युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम का संचालन मस्तूरी खंड कार्यवाह देवेंद्र सिंह छत्री ने किया।
इस दौरान सुनील जी ने शिवाजी महाराज के बाल्यकाल से लेकर उनके युद्ध कौशल और नीति-नियोजन के विभिन्न पहलुओं पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन हिंदू समाज की अस्मिता का प्रतीक है। कार्यक्रम में सभी ने एक स्वर में छत्रपति शिवाजी महाराज के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया और हिंदू समाज की एकता, संस्कृति और गौरव को बनाए रखने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर जिला बौद्धिक प्रमुख प्रदीप वर्मा, जिला प्रचार प्रमुख भैया अजय सूर्यवंशी जी, राजेश केंवट, नीरज सिंह, संजय गुप्ता, दीपक गुप्ता, प्रमोद, नारायण, बीजेपी महामंत्री सतीश पाटनवार, दिनेश जी, धनंजय जी, हितेश जी, बैद्यनाथ जी, वेद जी, संतोष, टार्जन, अमन, हितेश जी, बैद्यनाथ जी, वेद जी, संतोष, टार्जन, अमन, भूतिभूषण कौशिक, भागवत यादव, मोहन गुप्ता, हरिहर सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।



