छत्तीसगढ़राजधानी

पान ठेले की आड़ में गांजा बेचने वाला गिरफ्तार, ठेला सील

2 किलो गांजा, चाकू-अस्तुरा बरामद

रायपुर। राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खमतराई पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पान ठेले की आड़ में गांजा बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पांडो साहू के कब्जे से 2 किलो गांजा, तीन चाकू और एक अस्तुरा जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के ठेले को मौके पर ही सील कर दिया है।

गांजा बेचते पकड़ा गया

खमतराई थाना क्षेत्र के गंगानगर में स्थित पान ठेले की आड़ में नशे का कारोबार चलने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। पांडो साहू (उम्र 37 वर्ष) नामक व्यक्ति के पान ठेले से 2 किलो गांजा (कीमत लगभग 22,000), 3 चाकू और एक अस्तुरा बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने पहले ही पान ठेला संचालकों और कुम्हार समाज के साथ बैठक कर चेतावनी दी थी कि नशे से जुड़े किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बैठक के बाद 8 कुम्हारों ने स्वेच्छा से 1700 चिलम नष्ट किए थे ताकि नशे के उपकरणों की उपलब्धता पर रोक लग सके।
यह कार्रवाई आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर की गई। अभियान की अगुवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

गिरफ्तार आरोपी: नाम: पांडो साहू उम्र: 37 वर्ष
पता- सुलभ के पीछे, गंगानगर, भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर।

Related Articles

Back to top button