
रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत अंतरराष्ट्रीय सिम फर्जीवाड़ा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान, मध्यप्रदेश, रायपुर, दुर्ग और धमतरी से 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी फर्जी सिम कार्ड, म्यूल अकाउंट, और साइबर धोखाधड़ी के मामलों में शामिल थे। इन सिम कार्ड्स का उपयोग यूएई, श्रीलंका, नेपाल और म्यांमार जैसे देशों में किया जा रहा था, जिससे अंतरराष्ट्रीय साइबर नेटवर्क से इनके संबंध की आशंका को बल मिला है।
अब तक की कार्रवाई में 7000+ फर्जी सिम कार्ड और 590 मोबाइल नंबर की पहचान कर सभी को डिएक्टिवेट करने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपित ई-केवाईसी और डी-केवाईसी प्रक्रिया का दुरुपयोग कर सिम कार्ड एक्टिवेट कर रहे थे, डबल थंब स्कैन और आई ब्लिंक तकनीक से फर्जी ई-केवाईसी करते थे।
ग्राहक के आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी से बिना ग्राहक की जानकारी के अतिरिक्त सिम एक्टिवेट कर साइबर अपराधियों को बेच देते थे। इन सिम कार्ड्स का इस्तेमाल मनी म्यूल अकाउंट, ऑनलाइन फ्रॉड और टेलीग्राम जैसे माध्यमों में किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपित: नितेश शर्मा – करौली, राजस्थान, पीयूष पांडे – सतना, मध्यप्रदेश, हरविंदर भाटिया – दुर्ग, दिलावर सिंह संधू – भिलाई, दुर्ग, उदय राम यदु – चंगोराभाठा, रायपुर, आशीष कलवानी – पुरानी बस्ती, रायपुर, चंदन सिंह – भनपुरी, रायपुर, सचिन गिरी – मोवा, रायपुर, वैभव साहू – दुर्ग, सूरज मारकण्डे – कुरूद, धमतरी, अतहर नवाज – मठपुरैना, रायपुर शामिल है।
रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत ऐसी कार्यवाहियां आगे भी जारी रहेंगी।



