करंट से ठेका कर्मचारी की मौत पर भडक़ा जनाक्रोश- शव रख सीपत विद्युत कार्यालय के सामने दो घंटे प्रदर्शन
उठीं नौकरी , मुआवजा , एफआईआर की गूंज

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। खम्हरिया विद्युत सब स्टेशन में करंट की चपेट में आकर ठेका कर्मचारी मुंशी राम कांगो की दर्दनाक मौत के बाद गुरुवार को सीपत में जनाक्रोश फूट पड़ा। परिजन व ग्रामीण पोस्टमार्टम के बाद शव को वाहन में रखकर सीपत विद्युत कार्यालय के सामने पहुंच गए और करीब दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। मांग थी—परिजन को सरकारी नौकरी, मुआवजे की घोषणा और हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों-ठेकेदारों पर एफआईआर। धरना स्थल पर मृतक के पुत्र सुनील कांगो ने कहा, पिता की मौत विभाग की लापरवाही से हुई है, अब हमें जवाब चाहिए। ग्राम सरपंच फिरत अनंत व विद्युत ठेका कर्मचारी संघ के पदाधिकारी मौके पर डटे रहे।
बड़े अधिकारी नदारद, जेई ने दिया भरोसा
धरने के दौरान विभाग का कोई बड़ा अधिकारी या ठेकेदार मौके पर नहीं पहुंचा। सिर्फ प्रभारी जूनियर इंजीनियर रंजना देवांगन ही पहुंचीं, जिन्होंने समझाइश देकर परिजनों को शांत कराया और आश्वस्त किया कि मुआवजा और सभी प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएंगी।
15 साल से सेवा, मौके पर ही गई जान
55 वर्षीय मुंशी राम कांगो ग्राम मड़ई निवासी था और पिछले 15 वर्षों से ठेका आधार पर विद्युत कार्य कर रहा था। बुधवार को खम्हरिया क्षेत्र में ट्यूबवेल के कनेक्शन की मरम्मत करते वक्त करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सिर्फ 10 हजार की मदद, संवेदनहीन रहा विभाग
धरने के दौरान अधीनस्थ कर्मचारियों ने आपसी सहयोग से 10 हजार रुपए की राशि अंतिम संस्कार के लिए दी, लेकिन विभागीय एई प्रमोद चौबे तक मौके पर नहीं आए। इससे नाराज ग्रामीणों ने अफसरों की संवेदनहीनता को आड़े हाथों लिया।
संघ ने दी चेतावनी – लिखित आदेश दें या काम न लें
विद्युत ठेका कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश मरावी ने कहा, ‘यदि विभाग को हमसे बिजली का खतरनाक कार्य करवाना है तो पहले लिखित आदेश दें, अन्यथा यह शोषण है।’ उन्होंने मृतक परिवार को तत्काल 50 हजार की सहायता देने की भी मांग की।
क्या मिला मृतक परिवार को?
जेई रंजना देवांगन ने जानकारी दी कि विभागीय मुआवजा , पीएफ की राशि , विधवा को प्रतिमाह 7-8 हजार की पेंशन , ठेकेदार द्वारा 15 हजार तत्काल सहायता (सरपंच के माध्यम से) प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का भरोसा भी दिया गया।
बड़ा सवाल- कब तक ऐसे ही मरते रहेंगे ठेका कर्मी?
हर हादसे के बाद शव लेकर प्रदर्शन ही आखिरी रास्ता क्यों बनता जा रहा है? ठेका कर्मचारियों की सुरक्षा का जिम्मा कौन लेगा? क्या ठेका प्रथा के नाम पर चल रहा यह ‘खामोश शोषण’ अब भी जारी रहेगा?



