छत्तीसगढ़

‘सेवा, समर्पण और संस्कार की मिसाल बनीं प्राचार्या टी. विजयलक्ष्मी — 16 वर्षों की गौरवमयी शिक्षकीय यात्रा के बाद सीपत से ली विदाई’

‘प्रत्येक चुनौती में स्टाफ बना संबल — 16 वर्षों की सेवा यात्रा के बाद प्राचार्या टी. विजयलक्ष्मी का विदाई संबोधन’

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। स्वामी आत्मानंद स्कूल, सीपत की प्राचार्या श्रीमती टी. विजयलक्ष्मी ने 62 वर्ष की आयु में मंगलवार को शिक्षकीय सेवा से विदाई ली। वर्ष 2009 से 2025 तक सीपत में 16 वर्षों तक लगातार सेवाएं देने वाली प्राचार्या के सम्मान में भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डीईओ कार्यालय से अधिकारी कर्मचारी, सीपत कन्या स्कूल की प्राचार्या एबी कुजूर सहित स्टाफ , बिलासपुर आत्मानंद स्कूल से शिक्षिका भानु भारती और संकुल क्षेत्र के अन्य विद्यालयों के प्रमुखों ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज की।
इस मौके पर शिक्षकों की ओर से विशेष उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। उपस्थित शिक्षकों ने भावभीने शब्दों में कहा कि प्राचार्या विजयलक्ष्मी जी केवल एक प्रशासनिक प्रमुख नहीं रहीं, बल्कि हम सभी के लिए मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और शिक्षण अनुशासन की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने जिस सादगी, संयम और नेतृत्व क्षमता से विद्यालय को ऊँचाइयों तक पहुँचाया, वह आज की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है। उनके निर्णय सदैव दूरदर्शिता से भरे रहे और उनका हर कार्य छात्रों के हित को केंद्र में रखकर होता था।
प्राचार्या टी. विजयलक्ष्मी ने अपने भावुक उद्बोधन में कहा कि मेरी 16 वर्षों की इस सेवायात्रा में जो कुछ भी मैंने किया, वह मेरे सहयोगी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की बदौलत संभव हुआ। यह स्कूल मेरा परिवार रहा है। मैं जो कुछ भी हूँ, उसका श्रेय मैं अपने स्टाफ को देती हूँ, जिन्होंने हर चुनौती में मेरा साथ दिया और विद्यालय को एक परिवार की तरह चलाया। कार्यक्रम में सभी शिक्षकों व स्टाफ सदस्यों ने पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं शुभकामनाओं के साथ प्राचार्या को सम्मानित किया। माहौल भावुक और आत्मीयता से भरा रहा।
समारोह के अंत में प्राचार्या टी विजयलक्ष्मी को विद्यालय परिवार की ओर से ढेरों शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता पीके पटेल , संतोष सिंह , लोभेराम साहू , श्रीमती सरिता यादव , अनिता शुक्ला , शारदा यादव ,संध्या यादव , रिचा तिवारी , नवीन रजक , सौरभ सहित शाला अन्य सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button