देश / विदेश

दिल्ली में भारी बारिश से जलभराव और जाम से ऑफिस जाने वाले परेशान

नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह हुई बारिश ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर लोगों के लिए कई समस्याएं भी खड़ी कर दीं। कई इलाकों में जलभराव और भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी गई, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश थमते ही दिल्ली की सडक़ों पर भीड़ उमड़ पड़ी। गुरुग्राम से दिल्ली आने वाली सडक़ पर धीरे-धीरे ट्रैफिक बढऩे लगा है। वहीं, दिल्ली से गुरुग्राम की ओर जाने वाले रूट पर भी वाहनों की गति धीमी पड़ी हुई है। चूंकि सोमवार का दिन है और अधिकतर लोग ऑफिस के लिए निकलते हैं, इसलिए बारिश के रुकने के तुरंत बाद सडक़ों पर जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी गई।
धौला कुआं से लेकर गुरुग्राम एयरपोर्ट जाने वाली सडक़ पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। महिपालपुर और दिल्ली कैंट की ओर से आने वाले लोग जाम में बुरी तरह फंसे नजर आए। संगम विहार इलाके की एमबी रोड पर जलभराव के कारण लंबा जाम लग गया। सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सडक़ पर काफी पानी भर चुका है और वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जाम के चलते उन्हें ऑफिस पहुंचने में काफी देर हो रही है। यह समस्या हर बारिश के बाद यहां आम हो गई है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। संगम विहार इलाके में कुछ लोगों ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, जलभराव के कारण बड़ी परेशानी हो रही है। रास्तों में काफी गड्ढे हैं, ठीक से सडक़ें नहीं बनी हैं।

Related Articles

Back to top button