उत्कर्ष 2025: मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान, कल सीपत में होगा भव्य आयोजन
अभाविप के 77वें स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों के लिए विशेष सम्मान समारोह, क्षेत्र के नागरिकों से सहभागिता की अपील

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् सीपत इकाई द्वारा कल 17 जुलाई, गुरुवार को अभाविप के 77वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में ‘उत्कर्ष 2025’ नामक भव्य मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह गरिमामयी कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से संस्कृति क्लब, एनटीपीसी सीपत में आयोजित होगा। इस विशेष अवसर पर क्षेत्र के उन होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट उपलब्धियों से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि डॉ. अमित बघेल, प्रांत अध्यक्ष, अभाविप छत्तीसगढ़ (मुख्य अतिथि), श्रीमती अर्चना झा, एएसपी बिलासपुर ग्रामीण (विशिष्ट अतिथि) स्मृति पटेल, विभाग छात्रा प्रमुख, बिलासपुर , प्रकाश दास, जिला संयोजक अभाविप रहेंगे। इस आयोजन की सम्पूर्ण व्यवस्था अभाविप सीपत इकाई द्वारा की गई है। नगर मंत्री मिथलेश श्रीवास ने समस्त क्षेत्रवासियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं बुद्धिजीवियों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में उपस्थित होकर होनहार विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करें और शिक्षा के इस उत्सव को सफल बनाएं।



