छात्र सम्मेलन को लेकर दिलेन्द्र कौशिल की कलेक्टर से विशेष मुलाकात, सीपत की समस्याओं पर भी हुआ गहन संवाद
- क्षेत्र की चिंता और छात्रों की बात—कलेक्टर से मिले दिलेन्द्र कौशिल, समस्याओं पर मिली त्वरित कार्रवाई

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता दिलेन्द्र कौशिल ने सोमवार को बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की, जिसमें आगामी जिला स्तरीय छात्र सम्मेलन सहित सीपत क्षेत्र की जनसमस्याओं पर वन-टू-वन चर्चा की गई। दिलेन्द्र कौशिल ने जानकारी दी कि 5 अगस्त को बहतराई स्टेडियम में आयोजित छात्र सम्मेलन में जिले भर से लगभग 10,000 छात्र-पालक शामिल होंगे। कार्यक्रम की गरिमा को देखते हुए इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद-विधायकगण और जिले के अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन सत्र में स्वयं कलेक्टर संजय अग्रवाल छात्रों को संबोधित करेंगे, जो इस कार्यक्रम का प्रेरणादायी क्षण होगा।
सीपत क्षेत्र की समस्याएं रखीं सामने, कलेक्टर ने दिए मौके पर निर्देश
दिलेन्द्र कौशिल ने इस अवसर पर सीपत-बलौदा मार्ग की बदहाल स्थिति का मुद्दा गंभीरता से उठाया और हिंडाडीह पुल के समीप जानलेवा मोड़ को सीधा करने की आवश्यकता जताई। इस पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने एनटीपीसी सीपत में वर्षों से लंबित नियुक्तियों का विषय भी जोरदार ढंग से रखा। इस पर कलेक्टर ने हैरानी जताते हुए कहा कि वह स्वयं एनटीपीसी प्रबंधन से इस मसले पर बात करेंगे और स्थिति स्पष्ट करेंगे।
जनहित में सक्रियता, युवाओं में नेतृत्व की झलक
दिलेन्द्र कौशिल की इस पहल को लेकर क्षेत्रीय युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों में सकारात्मक ऊर्जा और भरोसा देखा जा रहा है। छात्र सम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और युवाओं में खासा उत्साह है।
– हमारा उद्देश्य सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि छात्रों को नई दिशा देना है। साथ ही क्षेत्र की समस्याओं को हल करवाना मेरी प्राथमिकता है।
— दिलेन्द्र कौशिल, भाजपा नेता



