छत्तीसगढ़

केलो नदी का होगा सौंदर्यीकरण; रायगढ़ में नवापाली एनीकट निर्माण हेतु मिली 11 करोड़ रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति

रायपुर, 12 अगस्त। छत्तीसगढ़ शासन ने रायगढ़ जिले के विकासखण्ड रायगढ़ अंतर्गत केलो नदी के सौंदर्यीकरण हेतु नवापाली एनीकट निर्माण कार्य के लिए 11 करोड़ 2 लाख 74 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह योजना निस्तारी, भू-जल संवर्धन और 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
योजना के अंतर्गत खरीफ में 50 हेक्टेयर और रबी में 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सोलर संयंत्र और पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई की व्यवस्था की जाएगी। कार्य स्वीकृत राशि और समयावधि के भीतर ही पूरा किया जाएगा। तकनीकी स्वीकृति, निविदा प्रक्रिया की पारदर्शिता, उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का प्रयोग और मितव्ययिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्माण कार्य केवल बाधा रहित भूमि पर किया जाएगा और यदि भू-अर्जन की आवश्यकता पड़ी तो यह स्वीकृत राशि की सीमा के भीतर ही किया जाएगा। कार्य समय पर पूरा न होने पर नियमानुसार अर्थदंड और समय सीमा वृद्धि की प्रक्रिया लागू होगी।
राज्य शासन का यह निर्णय न केवल केलो नदी के सौंदर्यीकरण में योगदान देगा बल्कि स्थानीय कृषकों को सिंचाई के लिए सतत जल उपलब्धता भी सुनिश्चित करेगा, जिससे क्षेत्र में कृषि उत्पादन और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button