सीपत के ताइक्वांडो चैंपियंस: वीरानी स्कूल के शुभांगी और कलश केवट ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, जीते गोल्ड, पहुंचे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
विरानी स्कूल के वीर-वीरांगना ने लहराया परचम, गोल्ड जीत राज्य स्तर पर बनाई जगह

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत क्षेत्र ने एक बार फिर खेल मैदान में अपनी ता$कत और प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विरानी पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल सीपत के होनहार छात्र-छात्रा शुभांगी पाण्डेय एवं कलश केवट ने संभाग स्तरीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया और अब वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सीपत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आयोजित प्रतियोगिता में बिलासपुर, जांजगीर, शक्ति, मुंगेली, कोरबा, जीपीएम, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जैसे जिलों से आए खिलाडिय़ों के बीच दोनों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से मैदान में दबदबा बनाया। निर्णायक मुकाबले में दमदार प्रदर्शन कर गोल्ड जीतने के बाद इनका राज्य स्तरीय चयन हुआ। शुभांगी पाण्डेय (सीपत प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रदीप पाण्डेय की पुत्री) और कलश केवट (एनटीपीसी सीपत कर्मी इतवारी लाल केवट के पुत्र) की इस उपलब्धि पर पूरा सीपत गौरवान्वित है।
विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। स्कूल के संचालक नसीम एस. विरानी, प्राचार्या श्रीमती तारा गिरी और स्पोर्ट्स शिक्षक सूर्या चंद्राकर ने दोनों छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इनकी सफलता से न केवल स्कूल का मान बढ़ा है बल्कि पूरे सीपत क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।



