छत्तीसगढ़

चालक सिर्फ वाहन नहीं, जिम्मेदारी भी चलाते हैं; ड्राइव्हर दिवस पर टीआई सतपथी का संदेश

अनुशासन ही चालक का सबसे बड़ा सम्मान, सीपत में मनाया गया ड्राइव्हर दिवस

टीआई सतपथी ने चालकों को माला पहनाकर किया सम्मानित, बढ़ाया हौसला

सीपत। परिवहन चालक संघ बिलासपुर संभाग, छग शाखा सीपत द्वारा सोमवार को एनटीपीसी मटेरियल गेट के सामने ड्राइव्हर दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी रहे। उनके मार्गदर्शन और प्रेरणादायी संबोधन ने ड्राइव्हर भाइयों में जोश और आत्मविश्वास का संचार कर दिया। कार्यक्रम में एएसआई सहेत्तर कुर्रे, कमलफूल साहू सहित पुलिस प्रशासन व परिवहन चालक संघ के पदाधिकारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
टीआई गोपाल सतपथी ने अपने उत्साहजनक भाषण में कहा कि परिवहन चालक ही देश की अर्थव्यवस्था की धुरी हैं। उनकी मेहनत से गाँव-शहर जुड़ते हैं और उद्योग चल पाते हैं। लेकिन एक जिम्मेदार चालक वही है जो सडक़ पर अनुशासन, सतर्कता और संयम बनाए रखे। ट्रैफिक नियमों का पालन करना सिर्फ कानून की मजबूरी नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा है। समाज तभी सम्मान देता है, जब चालक खुद भी समाज की सुरक्षा और जिम्मेदारी समझते हैं। टीआई ने आगे कहा कि चालक यदि हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति और सुरक्षित ड्राइविंग जैसे नियमों का पालन करेंगे तो दुर्घटनाओं पर बड़ी हद तक रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने चालकों से नशामुक्त होकर गाड़ी चलाने और यात्रियों की जान की जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। संघ के पदाधिकारियों और चालकों ने बताया कि सडक़ पर वे दिन-रात देश की रीढ़ की हड्डी की तरह कार्य करते हैं। लंबी दूरी तक माल और यात्रियों को सुरक्षित पहुँचाना ही उनका जीवन है। चालकों का कहना था कि अक्सर अनियमित ट्रैफिक व्यवस्था, सडक़ों की खराब हालत और वाहन मालिकों का दबाव उनके लिए चुनौती बनता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सहयोग और समझदारी की अपेक्षा जताई, ताकि वे सुरक्षित और निश्चिंत होकर अपना कार्य कर सकें। संघ ने मांग रखी कि चालकों के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, ट्रैफिक नियमों की ट्रेनिंग और जनजागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं।
इस अवसर पर ड्राइव्हर जनजागरूकता व यातायात सुरक्षा पर चर्चा की गई। चालकों को समझाया गया कि ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग से बचना चाहिए , नशे की हालत में गाड़ी चलाना अपराध ही नहीं, जीवन के लिए खतरा है , सडक़ पर पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों को प्राथमिकता देना सभी का कर्तव्य है , वाहन में फर्स्ट एड किट और जरूरी दस्तावेज हमेशा रखें। कार्यक्रम के दौरान टीआई गोपाल सतपथी ने परिवहन चालकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संघ के प्रवक्ता ईश्वर गिरी गोस्वामी , दादूराम यादव , रामसिंह , भागीरथी , गिरधारी लाल , इतवारी यादव, छतराय , मनोज यादव , लक्ष्मण , मधुसूदन गिरी गोस्वामी , जितेंद्र कश्यप , विनोद मरावी , सुमनदास वैष्णव सहित सहित बड़ी संख्या में ड्राइव्हर भाई उपस्थित रहे और अपने योगदान से कार्यक्रम को सफल बनाया।

Related Articles

Back to top button