चिल्हाटी में लगा 3.15 एमवीए का ट्रांसफार्मर; विधायक दिलीप लहरिया ने किया लोकार्पण
बिजली आपूर्ति में होगा सुधार

सबस्टेशन के पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ी , अब मिलेगी पर्याप्त सप्लाई
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिल्हाटी में 3. 15 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इस उपकेंद्र का लोकार्पण सोमवार को मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने किया। नए ट्रांसफॉर्मर के लगने से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार होगा। विधायक लहरिया ने कहा कि पुराने ट्रांसफॉर्मर की सीमित क्षमता के कारण, विशेषकर गर्मी के मौसम में, स्थानीय निवासियों को बिजली आपूर्ति में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह नया ट्रांसफार्मर न केवल बिजली की समस्या को हल करेगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यत: इस कार्य से चिल्हाटी, जोंधरा, कुकुरदी, चिस्दा, भिलौनी, गोपालपुर जैसे ग्रामों के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्याएं क्षेत्र में नहीं होगी। इसी तरह की पावर ट्रांसफार्मर उपकेंद्र विधानसभा के विभिन्न क्षेत्र में स्थापना कराया जाएगा जिसे सुचारू रूप से बिजली की आपूर्ति ठीक ढंग से पूरे मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के किसानों को सही समय पर सिंचाई व्यवस्था के लिए बिजली की आपूर्ति किया जा सके और स्कूली छात्र-छात्राओं को अध्ययन के लिए बिजली की व्यवस्था हो सके। विधायक दिलीप लहरिया के अथक प्रयासों से मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के अंतर्गत लगभग 55 लाख रूपये की लागत राशि से एक अतिरिक्त 3-15 एमवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाया गया। पावर ट्रांसफार्मर उपकेंद्र बनने से ग्राम पंचायत चिल्हाटी के आस पास 28 ग्रामों के लगभग 8000 उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति की जा सकेगी। इस मौके पर विद्युत विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



