सिलेंडर लेकर नवाडीह चौक में युकां का जमकर प्रदर्शन
महंगाई में बेतहाशा वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

- महंगाई पर नियंत्रण लगाने केंद्र सरकार फेल, लोगों का घर चलाना हो गया दूभर: सुनील
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। पेट्रोल, डीजल, एलपीजी सिलेंडर के दाम में बढ़ोत्तरी व महंगाई में बेतहाशा वृद्धि को लेकर गुरुवार को मस्तूरी विधानसभा युवक कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील पटेल के नेतृत्व में नवाडीह चौक सीपत में शाम को पुतला दहन करने पहुंचे युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिलेंडर हाथ में लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मस्तूरी विधानसभा युकां अध्यक्ष सुनील पटेल ने बढ़ते महंगाई के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जीएसटी व रोजमर्रा की चीजों में इसका असर देखने को मिल रहा है। एक तरफ लोग आर्थिक तंगी से गुजर रहे है दूसरी ओर लोगों को घर चलाना मुश्किल हो गया है। महंगाई पर नियंत्रण करने केंद्र सरकार नाकाम है। महंगाई बेलगाम है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। लेकिन केंद्र सरकार सिर्फ हाथ पर हाथ धरे बैठी है। आगामी चुनाव में जनता केंद्र सरकार को उखाड़ फेंकने संकल्पित है।
पुतला जलाने निकले युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुलिस प्रशासन की जमकर झूमाझटकी हुई। विरोध-प्रदर्शन करने वालों में मस्तूरी विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुनील पटेल , रितेश साहू , ऋषभकान्त विजय , विकास दुबे , प्रितेश पनौरे , छोटू खरे , सुनील सूर्या सहित बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



