छत्तीसगढ़

बाल भारती पब्लिक स्कूल की छात्रा तनीषा को मिली अंतर्राष्ट्रीय छात्रवृत्ति

जापान में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। बाल भारती पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी सीपत की कक्षा 12वीं वाणिज्य वर्ग की मेधावी छात्रा तनीषा साहू ने एक बार फिर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
तनीषा का चयन एशिया काकेहाशी परियोजना छात्रवृत्ति 2025 हेतु हुआ है, जो जापान सरकार के शिक्षा, संस्कृति, खेल, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा पूर्णत: वित्तपोषित अंतर्राष्ट्रीय छात्रवृत्ति कार्यक्रम है। तनीषा साहू न केवल अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए जानी जाती हैं, बल्कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भी सहभागिता कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वह बहुआयामी प्रतिभा की धनी छात्रा है, जिसमें नेतृत्व क्षमता, सृजनात्मक सोच, सामाजिक संवेदना और सांस्कृतिक समझ जैसे गुण स्पष्ट रूप से परिलक्षित होते हैं।
इस छात्रवृत्ति के अंतर्गत तनीषा 21 अगस्त से 16 दिसंबर 2025 तक जापान में निवास कर एक स्थानीय विद्यालय में अध्ययन करेंगी, वहाँ की भाषा, जीवनशैली, कला, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव लेंगी। उनका चयन एएफएस अंतर सांस्कृतिक कार्यक्रम भारत द्वारा किया गया है, जो इस परियोजना की आधिकारिक साझेदार संस्था है। विद्यालय के प्राचार्य शलम निगम ने तनीषा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि तनीषा साहू की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह न केवल उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि हमारे विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर दिए जा रहे ध्यान का भी प्रमाण है। हमें विश्वास है कि तनीषा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की गरिमा को बढ़ाएंगी और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेंगी। यह उपलब्धि विद्यालय, अभिभावकों एवं समस्त क्षेत्रवासियों के लिए गौरव, प्रेरणा और हर्ष का विषय है, जो चिरस्मरणीय है।

Related Articles

Back to top button