बीजापुर के जंगल में मुठभेड़, 3 महिला नक्सली ढेर
हिड़मा, देवा समेत कई बड़े नक्सल लीडरों को जवानों ने घेरा

बीजापुर। कररेगुट्टा की पहाडिय़ों पर रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। नक्सली लीडर हिड़मा, देवा समेत कई बड़े नक्सली लीडर्स की मौजूदगी की सूचना पर ज्वाइंट ऑपरेशन शुरू किया गया। पिछले 72 घंटे से भी अधिक समय से पहाड़ी को जवानों ने चारों ओर से घेर रखा है।
बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा-नडपल्ली के घने जंगलों और दुर्गम पहाडिय़ों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच पिछले 72 घंटों से ज्यादा समय से चल रही मुठभेड़ में जवानों ने अब तक तीन महिला वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि यह ऑपरेशन अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन लांच किया गया है। यह मुठभेड़ लगातार तीसरे दिन भी जारी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे क्षेत्र में कुख्यात नक्सली हिडमा और देवा की मौजूदगी की आशंका है। हिडमा, जो कई वर्षों से सुरक्षा बलों के लिए सिरदर्द बना हुआ है, इस अभियान का मुख्य टारगेट है। उसकी रणनीति और नेटवर्क को ध्वस्त करना ही ऑपरेशन का उद्देश्य है।
नक्सलियों ने इलाके में सैकड़ों आईईजी बिछा रखे हैं। बीते हफ्ते एक पर्चे के ज़रिए उन्होंने ग्रामीणों से अपील की थी कि वे इस क्षेत्र में न आएं, क्योंकि जगह-जगह बारूदी सुरंगें और विस्फोटक लगाए गए हैं। अब तक सुरक्षा बलों ने 100 से ज्यादा आईईडी डिफ्यूज कर दिए हैं, लेकिन हर कदम पर खतरा बना हुआ है।



