सर्वदलीय बैठक में रक्षा मंत्री बोले- जारी है ऑपरेशन सिंदूर, 100 से ज्यादा आतंकी ढेर

नई दिल्ली। पहलगाम हमले के जवाब में भारत द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर गुरुवार को संसद में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक में बताया कि यह अभियान अब भी जारी है और अब तक 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पाकिस्तान की किसी भी हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि बैठक में सभी दलों ने सरकार को समर्थन दिया और सशस्त्र बलों को बधाई दी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने संकट की घड़ी में सरकार के साथ खड़े होने की बात कही। विपक्ष ने कुछ सूचनाओं को गोपनीय रखने पर सहमति जताई।
एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बैठक में कहा कि टीआरएफ के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अभियान चलाना चाहिए और हृस्ष्ट से इसे आतंकी संगठन घोषित करने की मांग की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने अमेरिका से भी इसी दिशा में कार्रवाई की अपील की।
सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए हैं। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से युद्धविराम उल्लंघन या आतंकी गतिविधि की किसी भी कोशिश पर सेना पूरी तरह तैयार है।
ऑपरेशन सिंदूर- 25 मिनट में 24 मिसाइलें, 9 आतंकी ठिकाने तबाह
6-7 मई की दरम्यानी रात को सिर्फ 25 मिनट में 24 मिसाइलों से पाकिस्तान और पीओजेके के 9 आतंकी शिविर तबाह कर दिए गए। इन ठिकानों में से 5 पीओजेके और 4 पाकिस्तान में थे। इन पर आतंकियों की भर्ती और ट्रेनिंग होती थी। कार्रवाई में आतंकी मसूद अजहर के परिवार के 10 सदस्य भी मारे गए।



