कौडिय़ा में बारिश ने बिगाड़ा सुशासन का खेल , बेलतरा विधायक के पूजा अर्चना के बाद समाधान शिविर का समापन
सुशासन केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं , बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करने का पर्व: सूर्या

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम पंचायत कौडिय़ा में शनिवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आसपास के विभिन्न पंचायतों के निवासियों ने अपनी समस्याओं और मांगों को प्रस्तुत किया, जिनका संबंधित विभागों द्वारा त्वरित निराकरण किया गया।


छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जनता, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना था। इसके साथ ही, विकास कार्यों को गति देने और शासन की जनहितैषी योजनाओं की समीक्षा करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य था। इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति श्रीमती अरुणा चंद्रप्रकाश सूर्या , जनपद अध्यक्ष सरस्वती सोनवानी , भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा , राज्यवर्धन कौशिक , एसडीएम प्रवेश पैकरा , सीईओ जेआर भगत , तहसीलदार सोनू अग्रवाल , टीआई गोपाल सतपथी , सरपंच सरिता परमेश्वर साहू , जनपद से बीएल कुर्रे , जनपद सदस्य अंजनी भास्कर पटेल , उषा कैवर्त , सचिव कमलेश जायसवाल , भाजपा नेता हरीशचंद्र श्रीवास , आशीष बांकरे , यदुराम साहू , भाजयुमो अध्यक्ष तुषार चंद्राकर , हीरो सोनवानी , रिजबाई नवरंग उपस्थित रहे। नेताओं एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया तथा आवेदनों के निराकरण की प्रगति की जानकारी ली।

अजा. मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सूर्या ने कहा कि सीएम की मंशा के अनुरूप जनता ही सरकार है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य पूरी निष्ठा से किया जा रहा है। सुशासन केवल सरकारी कार्यक्रम नही , बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करने का पर्व है। सीपत टीआई गोपाल सतपथी ने कहा कि गांवों में अपराधों पर नियंत्रण लाने का एकमात्र उपाय सामाजिक जागरूकता है। उन्होंने विभिन्न अपराधों और उसके लिए बनी धाराओं के बारे में लोगों को जानकारी दी। जनपद अध्यक्ष सरस्वती सोनवानी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि आप सभी ज्यादा से ज्यादा शिविर में शामिल होकर शासन की योजनाओं से अवगत और उनका लाभ लें। इसके बाद बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला , जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी , प्रणव शर्मा शिविर स्थल पहुंचे और जैसे ही दीप प्रज्जलवन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।
तेज बारिश ने सुशासन का खेल बिगाड़ दिया और तेज बारिश के कारण शिविर को बीच मे ही समापन करना पड़ा। बारिश के चलते विधायक के उद्बोधन भी नही हो सके। बारिश से बचने नेतागण , अधिकारी कर्मचारी जैसे तैसे छायादार जगह पर आकर ठहरे। इससे पूर्व शिविर में ग्राम कौडिय़ा में हाईस्कूल को हॉयर सेकण्डरी में उन्नयन करने , 15 वर्ष पूर्व बने जर्जर पानी टंकी को धराशायी कराने सहित सडक़ , नाली , सीसी रोड , बिजली ट्रांसफार्मर सहित कई मूलभूत मांग के लिए पंचायत की ओर से मांगे रखी गई। कार्यक्रम का संचालन जनपद के अधिकारी बीएल कुर्रे ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण अपनी समस्याओं व मांगो को लेकर शिविर स्थल पहुंचे।


